कांग्रेस नेत्री के गुस्साए बेटे ने 12 लोगों पर चढ़ा दी कार, ... - CG Sandesh

कांग्रेस नेत्री के गुस्साए बेटे ने 12 लोगों पर चढ़ा दी कार, मासूम की मौत

गरियाबंद. गरियाबंद जिले के ग्राम मालगांव में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर पैदल चल रहे 12 लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक घटना में एक चार साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं अन्य घायल हैं। घटना में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रायपुर रिफर किया गया है।

वहीं, इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग के साथ मंगलवार मृत बच्चे के शव को बीच सड़क रखकर शाम तक प्रदर्शन करते रहे। मामला गरियाबंद थाना क्षेत्र का है, प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष का बेटा अपने निजी कार में दोस्त के साथ सोमवार की देर रात ग्राम मालगांव की ओर निकला था।

इस दरम्यान ग्राम मालगांव के कुछ ग्रामीणों से उसकी कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि गुस्साए कांग्रेस नेत्री के बेटे ने ग्रामीणों को देख लेने की बात कहते हुए आगे कुछ दूर जाने के बाद वापस तेज रफ्तार कार चलाते हुए जान-बूझकर ग्रामीणों की तरफ अपनी कार चढ़ा दी। जिसमें मौके पर ही एक चार साल के बच्चे की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित है, जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया था।

जंगलों में जा छिपे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक गरियाबंद पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुखनंदन राठौर व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल संतोष महतो के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय टीआर कंवर एवं अनुविभागीय अधीकारी पुलिस गरियाबंद संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित कर यथाशीघ्र आरोपी पता तलाश में टीम जुट गई। रातभर सर्च अभियान चलाकर दोनों आरोपियों रोमित राठौर 25 साल निवासी रावनभाठा तथा सौरभ कुटारे 26 साल को घने अंधेरी रात में जंगलों के बीच पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अपराधियों पर लगातार कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई है ।


अन्य सम्बंधित खबरें