महिला स्व सहायता समूहों से रेडी टू ईट पूरक पोषण आहार प्रदाय करने के लिए प्रस्ताव आमंत्रित
जिले में रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री के प्रदाय हेतु कुल 34 सेक्टरों के लिए
महिला स्व-सहायता समूहों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो
रही है। महिला स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष या सचिव जिला कार्यालय में 200
रूपए का चालान शीर्ष- 0235 महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित अन्य
प्राप्तियां में जमा करते हुए, चलान की मूल प्रति जिला कार्यालय में जमा कर
आवेदन पत्र प्रारूप प्राप्त कर सकेंगे तथा रजिस्टर्ड डॉक अथवा कोरियर के
द्वारा 31 दिसम्बर 2020 को शाम 04ः00 बजे तक जमा कर सकेंगे जारी आवेदन
पत्रों को पंजीकृत कर वितरण किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि किसी भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका
को आवेदन पत्र जारी नहीं किया जाएगा अध्यक्ष सचिव के अलावा समूह की अन्य
महिला सदस्य को इसी शर्त पर आवेदन वितरण होगा जबकि वह समूह के अध्यक्ष,
सचिव द्वारा जारी संयुक्त हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित हो।
निर्धारित तिथि के बाद के आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने
आवेदन पत्रों के साथ आवश्यक प्रमाणित दस्तावेज, अभिलेख अनिवार्यतः संलग्न
करने के लिए परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया है वे आवेदन विज्ञप्ति
सेक्टर के क्षेत्रों में पर्याप्त रूप से मुनादी एवं प्रचार प्रसार कराएं।
उल्लेखनीय है कि संबंधित सेक्टर में जो समूह अभी कार्यरत है उन्हें भी नए
सिरे से आवेदन करना होगा। स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को ही कार्य
दिया जाएगा। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी जिले की वेबसाईड
www-mahasamund-gov-in में उपलब्ध है। इसके अलावा जिला कार्यालय महिला एवं
बाल विकास विभाग तथा संबंधित परियोजना कार्यालयों के सूचना पटल पर भी
उपलब्ध रहेगी।