खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर किसानों से की जाएगी मक्के की खरीदी
छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड जिला महासमुंद द्वारा
जिले के महासमुंद विकासखंड के पिटियाझर एवं झलप, विकासखंड बागबाहरा के
कोमाखान एवं खल्लारी, विकासखंड मुख्यालय पिथौरा, विकासखण्ड मुख्यालय बसना
एवं भगतदेवरी और विकासखंड मुख्यालय सरायपाली के प्राथमिक कृषि साख सहकारी
समिति एवं लैम्पस के माध्यम से भारत सरकार, राज्य सरकार द्वारा जारी
निर्देश अनुसार किसानों से समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी की जाएगी।
छत्तीसगढ़
स्टेट सिविल सप्लाईज काॅर्पोरेशन लिमिटेड के जिला प्रबंधक ने बताया कि
मक्का खरीदी एक हजार 850 रूपए प्रति क्विंटल की दर से 01 दिसम्बर 2020 से
31 मई 2021 तक खरीदी की जाएगी। मक्का खरीदी की अधिकतम सीमा 10 क्विंटल
प्रति एकड़ निर्धारित है। मक्का में नमी का निर्धारित मापदण्ड 14 प्रतिशत
है। समर्थन मूल्य में खरीदे गए मक्का की राशि का भुगतान जिला सहकारी
केन्द्रीय बैंक मर्यादित महासमुंद के माध्यम से कृषकों के खातों में राशि
अंतरण कर किया जाएगा। मक्का उपार्जन से संबंधित समस्याओं एवं कठिनाइयों को
खाद्य विभाग के काल सेंटर नंबर 1800-233-3663 में दर्ज कराया जा सकता है।