बसना : शौचालय निर्माण की राशि का गबन करने वाले दो सचिवों और पूर्व सरपंच पर मामला दर्ज.
बसना थाना अंतर्गत में ग्राम जगदीशपुर में शौचालय निर्माण की राशि का गबन करने वालों पर मामला दर्ज किया गया है.
मामले की शिकायत जनपद पंचायत पिथौरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप कुमार प्रधान ने पुलिस से की है. जिसमे बताया गया है कि ग्राम पंचायत जगदीशपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2015 -2016 में 210 नग शौचालय निर्माण की स्वीकृति हुई थी जिसे पूर्व सरपंच असीम सोना, पंचायत सचिव महेश नाग द्वारा अनुचित तरीके से आहरण कर गबन कर दिया गया. जिसका जांच 3 सदस्यीय गठित टीम द्वारा की गई.
जांच पर भूतपूर्व सरपंच असीम सोना एवं तत्कालीन सचिव उत्तर कुमार प्रधान से राशि 6,99,850.00 रूपये एवं भूतपूर्व सरपंच असीम सोना और पूर्व सचिव महेश कुमार नाग से राशि 12,46,100.00 रूपये इस प्रकार मिलाकर कुल राशि 19,45,950.00 रूपये स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की हितग्राहियों का प्रोत्साहन राशि का अनुचित ढंग से शासकीय राशि का दुरूपयोग किया जाना पाया गया है. जिसपर पुलिस ने पुलिस ने आरोपीयों भूतपूर्व सरपंच असीम सोना, तत्कालीन सचिव उत्तर कुमार प्रधान, पूर्व सचिव महेश कुमार नाग पर अपराध धारा 409, 34 अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.
गौरतलब है कि इसके पूर्व शिकायत के बाद किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं होने से ग्राम जगदीशपुर के सचिवों ने नेशनल हाइवे को जाम कर प्रदर्शन किया था और शौचालय में भ्रष्टाचार करने वालों पर कार्यवाही की मांग की थी.