2 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस द्वारा जश्न मनाने को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कसा तंज, कहा 2 साल में छत्तीसगढ़ में विकास का अता पता नहीं.
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस द्वारा जश्न मनाने को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि 2 साल में छत्तीसगढ़ में विकास का अता पता नहीं है, विकास के नाम पर नए निर्माण कार्य नहीं हो पा रहे हैं जो भाजपा कार्यकाल में काम हुए थे सिर्फ वही काम अब तक चल रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चौधरी ने कहा कि धान की खेती करने वाले किसानों को बेहाल छोड़कर कांग्रेस नेताओं और उनके परिजन गांजे की खेती में भी नाम कमा रहे हैं । उन्होंने कहा कि विगत 2 वर्षों में अनेकों किसानों ने आत्महत्याएं की है उन्होंने आश्चर्य जताया कि आत्महत्या करने वाले युवाओं और किसानों को कांग्रेस सरकार मानसिक रोगी बताकर अपनी कमियों को छुपाने में लगी है।
इसके अलावा गांजा, शराब की तस्करी में लगातार कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं । भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सरकार बनने से कांग्रेस नेताओं और उनके रिश्तेदारों को जरूर लाभ पहुंचा है, वह बेरोकटोक धड़ल्ले से अपने अवैध कार्यों को अंजाम दे रहे हैं । सरकार न तो अब तक शराबबंदी छत्तीसगढ़ में लागू कर पाई है और ना ही बेरोजगारी भत्ता बेरोजगार युवाओं को मिल पा रहा है, जबकि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में इसका उल्लेख किया था साथ ही गंगाजल की कसम खाकर कहा था शराबबंदी करेंगे लेकिन अब तक प्रदेश में शराबबंदी नहीं हुई है, ऊपर से मुख्यमंत्री का शराबबंदी के मामले में बयान भी निराशाजनक है ।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चौधरी ने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में सराबोर कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की माता बहनों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है । उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझा है । और खुद प्रदेश के मुखिया महिलाओं के प्रति क्या सोच रखते हैं इसकी बानगी राज्य सभा सांसद सुश्री सरोज पांडे के विरुद्ध दिए बयान में स्पष्ट पता चलता है । वहीं दूसरी ओर बेरोजगारी भत्ता के नाम पर छत्तीसगढ़ के लाखों बेरोजगार युवा छले गए हैं उन्हें अब तक बेरोजगारी भत्ता मिलना शुरू नहीं हो पाया है। प्रदेश सरकार द्वारा गिरदावरी के नाम पर जो रकबा काटने का काम किया गया है इस सरकार के द्वारा उसमें अगर हिसाब लगाया जाए तो केंद्र सरकार ने जो एमएसपी तय की है उस दर से भी धान खरीदी नहीं हो पा रही है। खरीदी केंद्रों में बारदाने नहीं है और इस समस्या पर कोई पहल नहीं हो पा रही है । भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती रुपकुमारी चौधरी ने कहा कि धान खरीदी केंद्र में इस वर्ष किसानों को और भी अधिक परेशान होना पड़ रहा है ।
उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट के हवाले से कहा कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति है कि सरकार किसानों को बारदाने आपूर्ति नहीं कर पा रही है । किसान आंदोलन की आड़ में कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों द्वारा जिस तरह से हाय तौबा मचा कर अराजकता फैलाने का काम किया जा रहा है इसे प्रदेश की जनता देख रही है देश की जनता समझ रही है और यही कारण है कि अब कांग्रेस को लोग नकारने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को जश्न मनाने के आडम्बर को छोड़कर वादा पूरा नहीं कर पाने के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।