बारदाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था नहीं कर पाने को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष विद्या चौधरी ने जताई नाराजगी.
धान खरीदी केन्द्रों में सरकार द्वारा बारदाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था नहीं कर पाने को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष विद्या चौधरी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी करने सरकार हांफ रही है। किसानों द्वारा बताई समस्याओं को लेकर उन्होंने मौके पर ही अधिकारीयों से दूरभाष पर चर्चा कर समस्याओं से अवगत कराया।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा मंडल भंवरपुर के अध्यक्ष विद्या चौधरी ने कहा कि वे मंगलवार को मंडल के महामंत्री करुणाकर उपाध्याय एवं जनपद सदस्य ताराचंद साहू के साथ धामनघुटकुरी, सरकंडा, चनाट, टांगापासा, सलखंड एवं बड़ेसाजापाली धान खरीदी केन्द्रों में पंहुच कर किसानों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि विधेयकों के संबंध में किसानों को जानकारी दिया और उनसे बातचीत की।
भाजपा मंडल अध्यक्ष विद्या चौधरी ने कहा कि कृषि बिल को लेकर किसानों को जानकारी दी गई तथा उन्हें कृषि विधेयक से संबंधित पत्रक भी वितरण किया गया। किसानों ने कृषि विधेयक को लेकर खुशी जाहिर करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार का आभार जताया। भाजपा मंडल भंवरपुर के अध्यक्ष विद्या चौधरी ने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में राज्य की सरकार आवश्यक व्यवस्था नहीं कर पा रही है। खरीदी केंद्रों में बारदाने आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में नहीं हो रही है। किसानों को धान बेचने के बाद भुगतान के लिए भटकना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अनेक स्थानों पर परिवहन नहीं हो पा रहा है जिससे खरीदी केन्द्रों में धान खुले आसमान के नीचे जाम पड़े हैं जिसे लेकर विभागीय अधिकारियों से बात कर शीघ्र परिवहन कराने कहा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों के साथ है और धान खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी भी तरह से परेशान किया गया तो भारतीय जनता पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।