महासमुंद : अवैध रूप से धान का भंडारण करने वाले चार लोगों पर कार्यवाही 119 बोरा धान जप्त
जिले में अब तक 7918 बोरा धान 3167.2 क्विंटल एवं 09 वाहन जप्त
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशानुसार आज राजस्व एवं खाद्य विभाग की टीम ने जिले में 4 प्रकरणोें पर 119 बोरा धान अर्थात् (47.6 क्विंटल) धान जप्त किए गए। प्राप्त जानकारी अनुसार इनमें तहसील बागबाहरा के अंतर्गत ग्राम तिलईदादर निवासी धनंजय दीवान से 17 बोरी धान जप्त किया गया।
इसी प्रकार पिथौरा तहसील के ग्राम सल्डीह निवासी भरत प्रधान से 20 बोरी धान, बसना तहसील के ग्राम कुड़ेकेल निवासी गजानंद साव से 32 बोरी धान एवं सरायपाली तहसील के ग्राम चिवराकुटा निवासी श्री बंशीलाल पंडा से 50 बोरी धान जप्त किया गया।
प्रदेश में धान खरीदी का कार्य 01 दिसम्बर 2020 से शुरू हुई है। अब तक जिले में कुल 146 प्रकरण दर्ज किए गए है। जिनमें 7918 बोरा धान अर्थात् 3167.2 क्विंटल धान की जप्ती की गई है। इनमें 09 वाहन भी शामिल हैं। जिले में कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के मार्गदर्शन में तहसीलदार, थाना प्रभारी, खाद्य निरीक्षक की संयुक्त उड़नदस्ता टीम का गठन कर अवैध धान परिवहन और अवैध धान भंडारण पर सतत निगरानी की जा रही है। ओड़िशा सीमा पर बसे गांव आदि पर अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए जांच नाका भी बनाए गए है। इन नाकों पर संबंधित अधिकारी बराबर नजर और निरीक्षण कर रहे हैं।