news-details

राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर दी शुभकामनाएं.राजधानी रायपुर में करेंगी ध्वजारोहण...गणतंत्र दिवस के संदेश का दूरदर्शन से 26 जनवरी को सुबह होगा प्रसारण

राज्यपाल  अनुसुईया उइके ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सीमाओं की रक्षा करने वाले हमारे प्रहरियों, कोरोना संक्रमण के खिलाफ योगदान देने वाले कोरोना वॉरियर्स और सुरक्षा बल के जवानों को उनके योगदान के लिए नमन किया है।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि आज का दिन देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले महापुरूषों को याद करने का दिन है, जिनकी बदौलत हमें आजादी हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे देश का गणतंत्र और आजादी कायम रहे इसका भार देश के नौजवानों पर भी है, उन्हें देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए इस अवसर पर प्रण लेना चाहिए।

राज्यपाल अनुसुईया उइके 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगी। राज्यपाल सुश्री उइके इस मौके पर जनता के नाम अपना संदेश देने के साथ ही राज्य के कोरोना वारियर्स को सम्मानित करेंगी।

मुख्य समारोह के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुश्री उइके का प्रातः 8.59 बजे समारोह स्थल पर आगमन होगा। राज्यपाल प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण एवं गार्ड ऑफ ऑनर द्वारा सलामी लेंगी। प्रातः 9.02 बजे से 9.22 बजे तक राज्यपाल राज्य की जनता के नाम संदेश देंगी। सुश्री उइके प्रातः 9.23 बजे से 9.29 बजे तक प्रदेश के कोरोना वारियर्स को सम्मानित करेंगी। कार्यक्रम का समापन प्रातः 9.30 बजे होगा। राज्यपाल अनुसुईया उइके का गणतंत्र दिवस पर ‘प्रदेश की जनता के नाम संदेश’ का प्रसारण 26 जनवरी को सुबह साढ़े आठ बजे दूरदर्शन केन्द्र रायपुर के माध्यम से किया जाएगा।





अन्य सम्बंधित खबरें