कोसरंगी के भाठागांव का 11 के वी तार के सम्पर्क में एल टी तार के आ जाने से लगभग 20 - 22 ग्रामीणों के उपकरण जलकर हुए खाक
समीपस्थ ग्राम कोसरंगी के भाठागांव में विगत दिनों 11 केवी तार के संपर्क में एल टी तार आ गया जिससे बिजली उपकरण के साथ जलते रहे गृहस्थी के सामान ग्राम कोसरंगी के भाठापारा में हाईवोल्टेज करंट लोगों के घरों में उतरने से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। लोग अपनी जान बचाकर घरों से बाहर की ओर भागे। शोर-सराबा मचाने लगे। बिजली के उपकरण जलने के साथ ही वायरिंग के तार जलते हुए मकानों में फैल गए। जिससे लोगों की गृहस्थी के सामान भी जलने लगे। करंट की चपेट में आने के भय से लोग अपनी गृहस्थी जलते हुए देखते रहे।
पूर्व में भी 16 मार्च को यह घटना घट चुकी है जिसके चलते ग्राम कोसरंगी के सरपंच व ग्रामीणों ने संभागीय अभियंता छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल महासमुंद को लिखित शिकायत देने के बा वजूद लापरवाही बरतने का नतीजा ग्रामीणों को पुनः भुगतना पड़ा।
एल टी तार ढीला होने से 11 केवी तार के संपर्क में आने के कारण शार्ट सर्किट होकर घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे लोगों के घरों के बिजली के उपकरण फुंकने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने आग पर समय रहते काबू पा लिया। जिससे आग फैल नहीं सकी।
दिन में दिखा आतिशबाजी नजारा
कोसरंगी के भाठागांव में गुरुवार को ग्रामीण अपने काम में व्यस्त थे। अचानक हाईवोल्टेज प्रवाहित होने से भाठागांव के लगभग 20 से 22 घरों में आतिशबाजी नजारा दिखने लगा। लोगों के घरों में बिजली के उपकरण जलने के साथ धूं-धूं कर विस्फोट कर रहे थे। करीब पांच मिनट तक पूरे गांव में बल्ब व इलेक्ट्रानिक उपकरणों के जलने से दिन में आतिशबाजी का नजारा दिखाई दिया। समाज सेवी व जनपद सदस्य प्रतिनिधि लोकेश चन्द्राकर ने बिजली विभाग की इस घोर लापरवाही को देखते हुए कहा कि,यदि समय पर विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाते तो दोबारा यह घटना घटित नही होती।