राष्ट्रीय कवि संगम महासमुंद जिला ईकाई द्वारा रामनवमीं के पावन पर्व पर आनलाईन काव्य पाठ का आयोजन किया गया
रामनवमीं के पावन पर्व के अवसर पर राष्ट्रीय कवि संगम जिला ईकाई महासमुंद द्वारा राष्ट्रीय सह महामंत्री महेश शर्मा के निर्देशन में,जिला अध्यक्ष सफल भोई,डिजेंद्र कुर्रे एवं प्रेमचंद साव के नेतृत्व में ऑनलाइन कवि सम्मेलन का आयोजन सिस्को वेबेक्स के माध्यम से किया गया।इसमें महासमुंद जिले भर से साहित्यकारों ने काव्य पाठ किया।जिले से प्रेमचंद साव,डिजेंद्र कुर्रे,सुंदरलाल डडसेना,विनोद कुमार जोगी,शैलेंद्र कुमार नायक,सफल भोई,सूर्यमणी नायक आदि साहित्यकारों ने मर्यादा पुरुषोत्तम राम पर आधारित दोहा,गीत,छत्तीसगढ़ी गीत आदि काव्य के विभिन्न विधाओं में काव्य पाठ किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि सफल भोई ने पावन पर्व रामनवमीं की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय कवि संगम 14 जनवरी 2022 मकर संक्रांति के दिन श्रीलंका से चलकर 1 मार्च 2022 महाशिवरात्रि के दिन तक की विराट श्रीराम वनगमन पथ अंतरराष्ट्रीय काव्ययात्रा आयोजित कर रहा है ।
इस विराट काव्ययात्रा में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य,राम वनगमन के 249 स्थानों के शोधकर्ता राम अवतार शर्मा तथा श्याम गुप्ता द्वारा देश भर में एक लाख से अधिक चलाए जाने वाले एकल विद्यालयों वाला एकल संस्थान भी सहभागी होगा।इन संस्थाओं से संबंधित हजारों कार्यकर्ता उन सभी 249 स्थानों की यात्रा करेंगे जिन पर 14 वर्षों के वनवास के दौरान श्री राम लक्ष्मण और जानकी ने यात्रा की थी । इन संस्थाओं का उद्देश्य श्रीराम के काम आए वनबंधुओं के वंशजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है। इस दौरान राम जन्मभूमि अयोध्या की पावन रज सभी स्थानों पर स्थापित की जाएगी तथा गाँवों की मिट्टी अयोध्या मंदिर में स्थापित की जाएगी ।विशिष्ट अतिथि मणिलाल पटेल नवरत्न ने कहा कि हर इंसान को जीवन में सफल होने के लिए मर्यादा पुरूषोत्तम राम के विचारों,आदर्शों पर चलना चाहिए।कार्यक्रम के अंतिम में राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल एवं राष्ट्रीय सह महामंत्री महेश शर्मा ने बताया कि मुख्य यात्रा श्रीलंका, रामेश्वरम, पंचवटी, किष्किंधा, चित्रकूट आदि 40 प्रमुख स्थानों से होती हुई अयोध्या पहुंचेगी,जहाँ 130 घंटों का अखंड काव्यपाठ होगा जिसमें देश के सभी प्रांतों और भाषाओं के कवियों के साथ विश्व के 20 से अधिक देशों के रामभक्त कवि भी अपना-अपना काव्यपाठ प्रस्तुत करेंगे । इस अभूतपूर्व योजना में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष मुनि चिदानंद,वीर रस के सर्वोच्च कवि डॉ हरिओम पँवार के साथ- साथ सभी रामभक्त देशवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय कवि संगम जिला ईकाई महासमुंद के जिला अध्यक्ष सफल भोई द्वारा किया गया।