छत्तीसगढ़ में ब्लैक फंगस से एक युवक की मौत
छत्तीसगढ़ में ब्लैक फंगस से एक युवक की मौत हो गई. ब्लैक फंगस का मामला सामने आने के बाद पहली मौत की खबर ने स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ा दी है. भिलाई के सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती युवक ने मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार युवक पूर्व में कोरोना संक्रमित था और उसका ब्लैक फंगस का उपचार चल रहा था. जिला प्रशासन ने युवक को ब्लैक फंगस का संदिग्ध माना है.
भिलाई इस्पात संयंत्र के उर्जा प्रबंधन विभाग में वरिष्ठ प्रबंधक का आश्रित एवं सेक्टर-1 सी मार्केट निवासी श्रीनिवास राव पिता पीबी राव (35 वर्ष) को कोरोना हो गया था. लक्षण आने पर उसकी जांच कराई गई थी और संक्रमित होने की रिपोर्ट आने के बाद उसे रायपुर के रामकृष्ण केअर अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
सेक्टर-9 अस्पताल में जांच में उसे ब्लैक फंगस का संक्रमित पाया गया। जिसके बाद से उसका उपचार किया जा रहा था. इस दौरान ही उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई और आंखों से दिखना भी बंद हो गया था. मंगलवार को उक्त मरीज की मौत हो गई. बुधवार को शव परिवार जनों को सौंप दिया.