महासमुंद : चालू माह के अंत तक मातृ-शिशु अस्पताल का शेष काम पूरा होगा,कलेक्टर ने सीजीएमसी अधिकारियों से की बात, दिया भरोसा
इस माह के आखिर तक महासमुन्द जिले का पिथौरा विकासखण्ड मुख्यालय में निर्मित मातृ-शिशु अस्पताल का बचा हुआ निर्माण काम पूरा हो जाएगा। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने आज कार्यपालन अधिकारी छत्तीसगढ़ मेडिकल काॅर्पोरेशन (सीजीएमसी) से मातृ-शिशु अस्पताल अंतिम दौर के निर्माण प्रगति के संबंध में चर्चा की। कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि अस्पताल का निर्माण काम लगभग पूरा हो चुका है। खिड़की, ग्रिल, नाली निकासी एवं जैव अपशिष्ट प्रबंधन (सोफपीठ) आदि बचे काम और फिनिशिंग भी एक सप्ताह के भीतर पूरा कर करने का भरोसा दिया। कोरोना काल के चलते अस्पताल निर्माण कार्य की गति धीमी हो गयी थी। लेकिन अब अस्पताल का जरूरी काम अंतिम दौर में है। अधिकारियों ने भरोसा दिया कि चालू माह के अंत तक अस्पताल लोकार्पण के लिए तैयार हो जाएगा।
बतादें कि कलेक्टर श्री डोमन सिंह विगत बुधवार को मातृ-शिशु अस्पताल के औचक निरीक्षण के लिए निकले थे। उन्होंने अस्पताल को इस माह के आखिरी तक बचे काम को पूरा करने कहा था। यह अस्पताल छत्तीसगढ़ मेडिकल काॅर्पोरेशन (सीजीएमसी) द्वारा बनाया जा रहा है। यहां प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों के बेहतर इलाज की सुविधा होगी। 50 बिस्तरों का यह अस्पताल सभी सुविधाओं से लैस रहेगा। इसमें माॅ और बच्चें से जुड़ी सारी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।