महासमुंद : विधायक चंद्राकर एवं कलेक्टर-एसपी ने शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर दी श्रद्धांजली
आज से 8 वर्ष पूर्व 25 मई 2013 को बस्तर के झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद हुए वरिष्ठ नेताओं और जवानों को आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश के मंत्रीमण्डल तथा जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला कार्यालय के सीजी स्वॉन कक्ष में श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संसदीय सचिव एवं विधायक महासमुन्द श्री विनोद चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल, कलेक्टर श्री डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर श्री जोगेन्द्र कुमार नायक उपस्थित थे। उन्होंने शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी एवं दो मिनट का मौन धारण कर झीरम घाटी में अपने प्राणों की आहूति देने वालों के प्रति अपना शोक प्रकट किया।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। मुख्यमंत्री ने इसे इतिहास का काला दिन बताते हुए शहीद हुए सभी लोगों एवं उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित वर्चुअल शोक कार्यक्रम में विधायक श्री मोहन मरकाम, श्री बृहस्पति सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार द्वय श्री विनोद वर्मा एवं श्री राजेश तिवारी, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू उपस्थित थे। दंतेवाड़ा एवं जगदलपुर में शहीद श्री महेन्द्र कर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर बस्तर विश्वविद्यालय और डिमरापाल स्थित स्व. बलीराम कश्यप स्मृति चिकिसा महाविद्यालय के चिकित्सालय का नामकरण शहीद श्री महेन्द्र कर्मा के नाम पर किया गया। राजसभा सासंद श्री पीएल पुनिया इस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े थे।