महासमुंद : राजस्व विभाग में पदस्थ तीन दिवंगत शासकीय सेवक के आश्रितों को मिली अनुकम्पा नियुक्ति
छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग नवा रायपुर द्वारा सेवाकाल के दौरान तीन शासकीय सेवक की मृत्यु होने पर महासमुन्द जिले के राजस्व विभाग के अंतर्गत कार्यरत् शासकीय सेवकों के आश्रित परिवार को रिक्त पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। इनमें तहसील कार्यालय महासमुन्द में पदस्थ पटवारी स्व. कन्हैयालाल ध्रुव की मृत्यु 14 सितम्बर 2020 को होने पर उनके पुत्र जितेन्द्र ध्रुव को पटवारी के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। इसी तरह तहसील कार्यालय महासमुन्द में पदस्थ पटवारी स्व. राजेन्द्र ठाकुर की मृत्यु 15 जनवरी 2018 को होने पर उनकी पत्नी यशोदा ठाकुर को सहायक वर्ग-3 के लिए अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है तथा तहसील कार्यालय महासमुन्द में पदस्थ चैनमेन स्व. माखन सिंह क्षत्री की मृत्यु 20 मार्च 2021 को होने पर उनके पुत्र लालबहादुर सिंह को चतुर्थ श्रेणी भृत्य पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। इन तीनों की पदस्थापना कार्यालय कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा महासमुन्द में किया गया है।