महासमुंद : कलेक्टर, सीईओ सहित अधिकारियों ने खरीदी, महिला स्व-सहायता द्वारा बनाई सामग्री
कलेक्टर डोमन सिंह ने कल महामसुन्द, बागबाहरा एवं पिथौरा विकासखण्ड के विभिन्न गौठानों का जायजा लेने पहुंचे हुए थे। इस दौरान गौठानों में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा विभिन्न सामग्रियों को स्टॉल लगाकर रखी हुई थी। इस दौरान कलेक्टर श्री डोमन सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश छिकारा ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए सामग्रियों की गुणवत्ता को देखकर खरीदी की। इसके उपरांत उपस्थित जिला एवं विकासखण्ड स्तर अधिकारियों ने भी महिला स्व-सहायता समूह के उत्पाद को जमकर खरीदी की गई। कलेक्टर ने महिला स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित सामग्रियों की गुणवत्ता को देखकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगामी समय में ऑगनबाड़ी एवं आश्रम-छात्रावास के बच्चों के लिए समूह द्वारा निर्मित सामग्रियों का क्रय किया जाए ताकि स्व-सहायता समूह के महिलाओं को अधिक से अधिक आय प्राप्त हो सकें। इसके अलावा उनके सामग्रियों के बिक्री के लिए विकासखण्ड स्तर पे स्टॉल की भी व्यवस्था की जाए। स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि आचार, बड़ी, पापड़, साबुन, डिटर्जेंट, फिनॉयल, गोबर के दिये, झालर, सजावटी सामग्री, अगरबत्ती, धूप, पैरदान, लड्डू, फेंसिंग पोल, मिठाई सहित अन्य उपयोगी सामग्री बनाई जाती है।