महासमुन्द: रोजगार सहायकों को कोविड अनुकूल व्यवहार के बारे में दिया जाएगा प्रशिक्षण
जिलें के 403 रोजगार सहायक होंगे प्रशिक्षित, एसआईआरडी देगी वर्चुअल प्रशिक्षण
महासमुन्द: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) में कार्यस्थलों पर कोविड अनुकूल व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए जिलें के रोजगार सहायकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव के निर्देश पर राज्य मनरेगा कार्यालय द्वारा जिलें के 403 रोजगार सहायकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास
संस्थान, निमोरा द्वारा 6 जुलाई 2021 ऑनलाइन सत्र में
ग्राम रोजगार सहायकों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई थी। जिसमें से बागबाहरा के 61, बसना के 33, महासमुन्द के 37, पिथौरा के 22 एवं सरायपाली के 50 रोजगार सहायक इस
प्रकार जिलें के कुल 203 रोजगार सहायकों का प्रशिक्षण हो चुका है तथा शेष
बचें रोजगार सहायकों का प्रशिक्षण 24 जुलाई को आयोजित किया गया है।
एसआईआरडी द्वारा प्रशिक्षण के दौरान कोविड-19 के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जनपद में प्रत्येक प्रशिक्षण केन्द्र में अधिकतम दस प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था करने कहा गया है। प्रशिक्षण के दौरान पूरे समय कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे प्रतिभागी जो किसी केन्द्र में नहीं बैठ पा रहे हैं और जो मोबाइल, डेस्कटॉप या लेपटॉप के माध्यम से प्रशिक्षण में शामिल होंगे, उनके लिए निर्धारित प्रशिक्षण तिथि से एक दिन पहले ऑनलाइन-लिंक भेजने की व्यवस्था भी की गई है। प्रशिक्षण की मॉनिटरिंग के लिए इसमें शामिल प्रतिभागियों की सूची प्रशिक्षण के बाद जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी सभी विकासखंडो को दिए गए हैं।