महासमुन्द: 24 अगस्त से 28 सितम्बर तक शिशु संरक्षण माह, बच्चों को विटामिन ‘ए’ और आयरन सिरप की दी जाएगी खुराक
कलेक्टर की अध्यक्षता में टॉस्क फोर्स की बैठक
महासमुन्द: जिले में आगामी 24 अगस्त से 28 सितम्बर 2021 तक चलाई जाने वाली शिशु संरक्षण माह में बच्चों को विटामिन ‘ए’ और आयरन फॉलिक एसिड सिरप की खुराक दी जाएगी। शिशु संरक्षण माह अभियान आगामी 24 अगस्त से 28 सितम्बर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 9ः00 बजे से शाम 4ः00 बजे के बीच अभियान चलेगा।
कलेक्टर डोमन सिंह की अध्यक्षता में बीते दिन जिला टॉस्क फोर्स (शिशु संरक्षण माह) की बैठक जिला पंचायत की सभाकक्ष में हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश छिकारा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. मंडपे, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रोहित कुमार वर्मा, आरएमएनसीएच सलाहकार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास समीर पांडे उपस्थित थे।कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य सुधार के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों और ऑगनबाड़ियों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाए। जिसमें स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों में कुपोषण के आकलन के लिए वजन लिया जाए और पालकों, अभिभावकों को बच्चों की आयु के अनुसार पोषण आहार की जानकारी दी जाए।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से जारी
निर्देशों और कोविड गाईड लाईन का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान घर-घर भ्रमण
नहीं किया जाएगा। ऑगनबाड़ी केन्द्रों या अन्य कोई सुव्यस्थित सुरक्षित स्थान पर
शिशु संरक्षण माह कार्यक्रम का क्रियान्वयन किया जाए। इसमें स्वास्थ्य विभाग के
अलावा ऑगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन का भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि
अति गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर पोषण पुनर्वास केन्द्र में भेजने की
व्यवस्था करें। जिससे उनकी समुचित देखभाल पोषण आहार और उपचार से बच्चें को कुपोषण
मुक्त किया जा सकें। उन्होंने इस दौरान कोविड-19 से बचाव के लिए दिशा-निर्देशों का पालन करने को
कहा।