महासमुंद: लोक सेवा एवं चॉइस केंद्रों के संचालकों को दिया गया प्रशिक्षण
महासमुंद: तहसील कार्यालय परिसर महासमुन्द में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भागवत जायसवाल की उपस्थिति में बुधवार को ई-डिस्ट्रिक्ट अंतर्गत संचालित सेवाओं के संबंध में समीक्षा सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान महासमुन्द विकासखंड के लोक सेवा केन्द्र ऑपरेटर चॉइस केन्द्र, सी.एस.सी. के संचालक एवं ऑपरेटर, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं नगर पालिका महासमुन्द के रीडर एवं अग्रेषण कर्ता अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। विदित हो कि लोक सेवा केंद्र, चॉइस केंद्र के द्वारा ई-डिस्ट्रिक्ट वेब पोर्टल के माध्यम से विभिन्न सेवाओं, योजनाओं के लिये आवेदन पत्र ऑनलाईन माध्यम से प्रेषित किया जाता है।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी ने जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, ई-श्रम योजना एवं अन्य सेवाओं के संबंध में समीक्षा की। ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रविष्टि एवं निराकरण तक क्रमबद्ध प्रक्रियाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण दिया गया।लोक सेवा केन्द्र एवं चॉइस केन्द्र संचालकों को आवेदनकर्ता, लाभार्थी से निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं अनिवार्य दस्तावेजों की स्वच्छ प्रति अपलोड करने के निर्देश दिए गए। जिससे कि आवेदन पत्र की वापसी अथवा निरस्त होने की संभावना को कम किया जा सके। केन्द्र में सेवाओं के लिए मूल्य सूची, चेक लिस्ट चस्पा करने के साथ ही लोक सेवा केंद्र, चॉइस केंद्र में आने वाले आवेदकों को आवेदन की प्रक्रियाओं को विधिवत जानकारी से अवगत कराने के निर्देश दिए। इस अवसर में ई-जिला प्रबंधक भूपेन्द्र अम्बिलकर सहित सी.एस.सी. एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।