महासमुंद: महात्मा गांधी जयंती पर कलेक्टर ने नन्ने-मुन्ने बच्चों को खुद परोसा भोजन
महासमुंद: राष्ट्रपिता ‘महात्मा गांधी 152 वीं जयंती’’ के अवसर पर 2 अक्टूबर को महासमुंद
ज़िले के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल सिरपुर में मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के तहत
कलेक्टर डोमन सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्र के नन्ने-मुन्ने बच्चों और गर्भवती महिलाओं
एवं शिशुवती माताओं को खुद गर्म पौष्टिक भोजन परोसा। भोजन परोसने में सीईओ ज़िला
पंचायत आकाश छिकारा और एसडीएम महासमुंद भागवत प्रसाद जायसवाल ने भी साथ दिया।
उन्होंने बच्चों से
कहा कि आज 2 अक्टूबर को हमारे देश के राष्ट्रपिता महात्मा
गांधी की 152 वीं जयंती है। इस मौके पर कलेक्टर ने बच्चों को
बताया कि आखिर किस तरह गांधी जी का जीवन ढेर सारी क्षमताओं से भरा है, आप सभी बच्चे कई तरह
की अच्छी बातें सीख सकते हैं और जीवन में सफल बन सकते हैं।
हमारे देश के राष्ट्रपिता गांधीजी जिन्हें पूरा
देश प्यार से बापू के नाम से जानता है, न सिर्फ हमारे देश को अंग्रेजों से आजादी दिलाने
में अहम भूमिका निभाई बल्कि उनका पूरा जीवन ही एक सीख की तरह है जिसके अगर कुछ
हिस्से पर भी अमल कर लिया जाए तो आपका पूरा जीवन संवर सकता है। खासकर बच्चे, गांधीजी की जीवन से
इन अहम बातों को सीख सकते हैं।
मालूम हो कि
मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान की शुरुआत दो साल पहले 2 अक्टूबर 2019 को हुई थी। महासमुंद
ज़िले में भी इसका शुभारंभ इसी दिन आंगनबाड़ी केन्द्र बरोंडाबाज़ार से किया गया था।
अभियान का उद्देश्य बच्चों में कुपोषण को कम करने एवं महिलाओं, किशोरी बालिकाओं में
एनीमिया को कम करने हेतु लक्ष्य निर्धारित किया गया था। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान
में कुपोषण को कम करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभिन्न प्रकार की
गतिविधियां आयोजित की जाती है। सभी पात्र हितग्राहियों को गर्म भोजन प्रति सोमवार, बुधवार और शुक्रवार
दिया जा रहा है।