महासमुंद : कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक, कोरोना के द्वितीय डोज के लिए कार्ययोजना बनाकर करें काम
कलेक्टर डोमन सिंह की अध्यक्षता में आज यहां कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक हुई। उन्होंने पूरा जिला शत्-प्रतिशत् टीकाकरण के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब पूरा फोकस कोरोना की द्वितीय डोज के ऊपर है। इसको भी पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करना हम सबका दायित्व है। इसकी पूरी कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। जल्द से जल्द इस कार्य को करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्हांेने मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना नियमित रूप से चलते रहे और अधिकारी भी इसका सतत् निरीक्षण करते रहे यह शासन की महत्वाकांक्षी योजना है।
उन्होंने महासमुन्द में सड़क दुर्घटना होने पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि प्रत्येक मंगलवार समय-सीमा की बैठक के बाद अधिकारी-कर्मचारी महासमुन्द बागबाहरा रोड और जिला चिकित्सालय (खरोरा) रोड आदि पर जाकर हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को सम्मानित करें। ताकि दूसरों को भी इसकी प्रेरणा मिले और वो भी हेलमेट का प्रयोग करे। उन्होंने कहा कि देखने में आया कि ज्यादातर सड़क दुर्घटनाएं दोपहिया वाहन चालकों की होती है। हेलमेट न पहने होने के कारण वे ज्यादा चोटग्रस्त और गम्भीर रूप से घायल होते है। कई बार उनकी मृत्यु घटना स्थल या ईलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में हो जाती है। थोड़ी समझदारी और यातायात नियमों का पालन करने से इन दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
कलेक्टर ने आवारा घूमते मवेशियों को कांजीहाऊस या ऐसी सुरक्षित जगह रखने को कहा जहां उन्हें चारा-पानी की व्यवस्था हो इसके लिए समाजसेवी संस्थाओं की मदद ली जा सकती है। इन मवेशियों के सड़क पर उठने-बैठने से भी दुर्घटनाएं होती है। इससे भी बचा जा सकता है। बैठक में कलेक्टर ने जिले के कन्या शाला-आश्रम, छात्रावासों में महिला कर्मचारियों की ड्यूटी रहे यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बालिका छात्रावास में किसी भी पुरुष को अन्दर जाने की अनुमति न दें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश छिकारा, एसडीएम भागवत जायसवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. मंडपे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर डोमन सिंह ने राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना की भी जानकारी ली। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गाें के सर्वेक्षण, राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना में किए गए मजदूरों के पंजीयन की भी जानकारी ली और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड में कार्ययोजना बनाकर कार्य करने की बात कही। अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड पंजीयन का आज अंतिम दिन है लेकिन इसकी तिथि में वृद्धि की जानकारी मिली है। कलेक्टर ने बारी-बारी से समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की निराकरण की जानकारी ली।