सरायपाली : खुरसीपहार में बनेगा नया पंचायत भवन
सरायपाली :- विकासखंड के ग्राम कलेण्डा के किसानों ने सिंगबहाल जलाशय मुख्य नहर के खुदाई का मुआवजा राशि दिलाने के लिए कल यहां जिला मुख्यालय में पहुंचकर कलेक्टर श्री हिमशिखर गुप्ता को आवेदन सौंपा। किसानों ने बताया कि उनके खेतों से नहर लाईनिंग बनाई गई है लेकिन उन्हें अब तक मुआवजा राशि नहीं मिली है। इस पर कलेक्टर ने बताया कि शासन द्वारा इसके लिए मुआवजा की राशि प्राप्त हो चुकी है, जिसका भुगतान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के माध्यम से अतिशीघ्र किया जाएगा।
कलेक्टर श्री गुप्ता से कल यहां जिला कार्यालय के सभा कक्ष में 85 से ज्यादा लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। ग्राम छिन्दौली के ग्रामीणों ने गंाव में पानी टंकी निर्माण एवं निस्तार के लिए तालाब को आरक्षित रखने के लिए आवेदन दिए। उन्होंने बताया कि गाँव में पानी की टंकी नहीं होने के कारण पेयजल की समस्या बनी रहती है। इसी प्रकार नांदगंाव के लोगों ने भागीरथी नल जल योजना के तहत घरों में नल कनेक्शन दिलाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि सबमर्सिबल पंप खराब होने के कारण नागरिकों को निस्तारी की समस्या हो रही है।
ग्राम मुढ़ेना के प्रतिनिधिमंडल एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि कुछ फर्शी पत्थर खदानों के संचालकों द्वारा महानदी एवं नदी के आसपास के क्षेत्रों में पत्थर, मिट्टी, मलबा एवं अन्य अवशेष नदी के भीतर डाल दिया जाता है, जिसके कारण महानदी की स्थिति खराब हो रही है। इस पर कलेक्टर ने तत्काल खनिज अधिकारी एवं एसडीएम को संबंधित संचालकों को नोटिस देने तथा जिन स्थानों पर अवशेष मलबा डाले गए है उसे तत्काल संचालकों द्वारा हटाने की कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए।
जनदर्शन में बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पाली के नागरिकों ने गाँव में बैंक की शाखा खोलने के लिए अर्जी लगाई, उन्होंने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में बैंक नहीं होने के कारण उन्हें पैसो की लेनदेन के लिए 20 से 25 किमी दूर जाना पड़ता हैं। ग्राम लाफिन खुर्द के दिव्यांग श्री हिरामोहन ने दिव्यांग पेंशन दिलाने, ग्राम बी.के. बाहरा के दिव्यांग श्री भुनेश्वर सिंह ध्रुव ने निःशक्त जन विकास निगम से स्वरोजगार के लिए पिकअप वाहन क्रय करने के लिए ऋण दिलाने के लिए आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है, वे ड्रायविंग का कार्य करते है तथा परिवहन कार्यालय से उनका लायसेंस भी बना हुआ है। इस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। ग्राम खुरसीपहार के सरपंच ने
गाँव
में नए पंचायत भवन बनाने की स्वीकृति दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके गंाव में सन् 1982-83 में पंचायत भवन बना हुआ था जो अभी काफी जर्जर हो चुका हैं। मोहगाँव
के ग्रामीणों ने वर्ष 2016-17 एवं 2017-18 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके
गाँव
में एक भी मकान स्वीकृत नहीं होने की जानकारी दी इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अतिशीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋतुराज रधुवंशी, सरायपाली एसडीएम सुश्री नुपुर राशि पन्ना, अपर कलेक्टर मोहम्मद शरीफ खान सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।