बसना - अटल चौक का हाल बेहाल
बसना:- बसना ब्लाक अंतर्गत गांवों में बनाए गए अटल चौक का हाल बेहाल है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से लाखों रुपए खर्च करके बनाए गए अटल चौक लापरवाही की भेंट चढ़ते जा रहे हैं। अटल चौक को उपेक्षित छोड़ दिया गया है, वहीं कई जगह चौक क्षतिग्रस्त हो गया है।
शासन द्वारा लाखों रूपए खर्च कर गांव-गांव में अटल चौक का निर्माण कराया गया है परंतु देखरेख के अभाव में वह जर्जर होता जा रहा है। 50 हजार रुपए की लागत से निर्मित इन अटल चौक की वर्तमान स्थिति बदहाल है। कहीं यह क्षतिग्रस्त हो चुका है, तो कहीं इसका उपयोग कपड़े सुखाने या मवेशियों को बांधने के लिए हो रहा है। सभी गांवों में अटल चौक बनाया गया है, परतु इसकी मजबूती की ओर ध्यान नहीं दिया गया। ईंट, बोल्डर तथा अन्य निर्माण सामाग्रियों का उचित उपयोग नहीं होने के कारण कई स्थानों में यह खराब हो चुका है।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अहम् भूमिका रही है। उनके प्रति आभार जताने व सुशासन के प्रतीक के रूप में 2004-05 पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में अटल चौक का निर्माण किया गया था।