बसना : बिल भुगतान नहीं करने पर कटा कनेक्शन तो हुकिंग से चोरी कर रहे बिजली, विभाग को नहीं है खबर...
विद्युत विभाग द्वारा बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं से बकाया राशि वसूली की जा रही है. विद्युत विभाग के कर्मचारीयों द्वारा गाँव-गाँव जाकर बकाया राशि की वसूली की जा रही है. बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को समझाइश दी जा रही है. समझाइस के बाद भी बिल का भुगतान नहीं करने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं.
बसना क्षेत्र के गाँवों के कई उपभोक्ताओं ने कई महीनों अथवा वर्षों से बकाया बिल का भुगतान नहीं किया है. बिजली विभाग के कर्मचारियों ने ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिये हैं. जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में धड़ल्ले से बिजली चोरी की जा रही है.
कुछ लोगों द्वारा शाम होते ही बिजली के तारो में हुकिंग कर बिजली चोरी की जा रही है तथा सुबह होते ही हुकिंग निकाल दी जाती है. वहीं कई गांवों में तो दिनभर हुकिंग लगा रहता है. इतना ही नहीं कई लोग तो अपने पड़ोस से बिजली कनेक्शन ले रहे हैं, जिससे बिल भुगतान करने वालों को भार वहन करना पड़ रहा है.
इसके बावजूद विद्युत विभाग अनजान व सुस्त बना हुआ है व उन पर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे बिजली चोरों के हौसले बुलंद है. विद्युत विभाग को बिजली चोरी करने वालों पर कड़ाई की जानी चाहिए ताकि बिजली चोरी पर लगाम लगाया जा सके.