जबलपुर से होगी कांग्रेस के मेगा प्रचार अभियान की शुरुआत...प... - CG Sandesh

जबलपुर से होगी कांग्रेस के मेगा प्रचार अभियान की शुरुआत...प्रियंका गांधी का जबलपुर दौरा आज

 मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लाड़ली बहना योजना को जबलपुर से लॉन्च करने के बाद अब कांग्रेस की शीर्ष नेता प्रियंका गांधी आज शहर में पहुंच रही हैं। लाड़ली बहना योजना से शिवराज सिंह चौहान ने मास्टरस्ट्रोक मारा है। अब उसका जवाब देने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जबलपुर आ रही हैं। भाजपा ने चुनाव से पहले प्रदेश के महाकोशल अंचल पर अपनी नजरें लगा दी हैं। भाजपा का यह कदम कांग्रेस के नेता कमलनाथ को उनके घर में ही घेरने के लिए है। इसके जवाब में प्रियंका का दौरा काफी महत्वपूर्ण हो जाता है। जबलपुर में प्रियंका के साथ प्रदेश कांग्रेस का पूरा शीर्ष नेतृत्व रहेगा।

शिवराज सिंह चौहान की घोषणा

जबलपुर में शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को लाड़ली बहनों के लिए 1000 रुपये वाली स्कीम की पहली किस्त जारी की थी। यहीं से उन्होंने घोषणा की थी कि वे स्कीम में मिलने वाली राशि को बढ़ा कर 3000 तक कर देंगे। अब कांग्रेस और प्रियंका गांधी के सामने चुनौती है कि वे कैसे इसका सामना कर सकेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस ने 15 सौ रुपए महीने वाली कांग्रेस की नारी सम्मान योजना की घोषणा की है। कांग्रेस, सीएम शिवराज के इस दांव का क्या तोड़ निकालती है यह देखना होगा।


मेगा प्रचार अभियान शुरू होगा

प्रियंका के दौरे के साथ ही मध्य प्रदेश विस चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस का मेगा प्रचार भी शुरू होने जा रहा है। प्रियंका गांधी जबलपुर में 11 बजे नर्मदा पूजन करेंगी, फिर वो भंवरताल पार्क में गोंड रानी वीरांगना दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आम सभा को संबोधित करेंगी।

कमलनाथ और दिग्विजय सिंह साथ में रहेंगे

प्रियंका के साथ जबलपुर में पीसीसी चीफ कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह व प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेता मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि साल 2018 के चुनाव के पहले जबलपुर में राहुल गांधी ने भी नर्मदा पूजन किया था। इसके बाद चुनाव प्रचार शुरू हुआ था। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इस कारण महाकोशल में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया था। कांग्रेस का मानना है कि प्रियंका गांधी के जबलपुर आने से जिले की 8 विधानसभा सीटों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी साथ ही इसका सकारात्मक असर पूरे महाकोशल में होगा।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें