वंदे भारत ट्रेन पहली बार पटना से रांची के लिए हुई रवाना  - CG Sandesh

वंदे भारत ट्रेन पहली बार पटना से रांची के लिए हुई रवाना

नई दिल्ली। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को पहली बार पटना से रांची के लिए रवाना हुई। ट्रेन करीब 12.48 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। हालांकि, आज ट्रेन में यात्री सवार नहीं थे, यह केवल ट्रायल रन था। यह ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 6:55 बजे के करीब खुली थी। पटना से रांची के बीच छह स्टेशनों पर इसका ठहराव हुआ। जहानाबाद, गया, कोडरमा, बरकाकाना, हजारीबाग और मेसरा में इस ट्रेन का ठहराव दिया गया था।


दरअसल, शुरुआत में केवल गया और बरकाकाना जंक्शन पर ही ठहराव का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन शेष चार स्टेशनों पर भी इसका ठहराव कुछ देर के लिए हुआ। रेलवे की ओर से जारी ट्रायल के समय सारणी के मुताबिक पटना जंक्शन से यह सुबह 6.55 खुलकर 8.20 बजे गया पहुंची। गया में इसका दस मिनट के करीब ठहराव हुआ। सुबह 8.30 बजे गया से खुलकर यह ट्रेन दोपहर 11.30 बजे तक बरकाकाना पहुंची। रांची में यह ट्रेन दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर पहुंच गयी। रांची से पटना जाने के क्रम में यह ट्रेन दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर रांची से खुलेगी। रात 8 बजकर 25 मिनट पर वापस पटना पहुंचेगी।


पूर्व मध्य रेलवे के मुख्यजनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया था कि वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल की तारीख तय कर दी गई है। 12 जून को ट्रेन पटना जंक्शन से रवाना होगी। ट्रायल सफल होने के बाद इसे यात्रियों के लिए भी शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि, झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के झारखंड बंद को देखते हुए रेलवे ने पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल रन को रिशेड्यूल किया है। धनबाद रेल मंडल के वरीय सुरक्षा आयुक्त के कार्यालय से जारी पत्र में बताया गया है कि झारखंड बंद के कारण 11 जून को प्रस्तावित ट्रायल रन को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। अब 12 जून को ट्रायल रन हो रहा है।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें