बसना : मकान, बाड़ी को तोड़ने से मना करने पर ट्रेक्टर से कुचल... - CG Sandesh

बसना : मकान, बाड़ी को तोड़ने से मना करने पर ट्रेक्टर से कुचलने का प्रयास, 3 के खिलाफ केस दर्ज

बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बिछिया में तीन लोगों ने एक व्यक्ति के मकान में तोड़-फोड़ की और मना करने पर ट्रेक्टर से कुचलने का प्रयास किया. मामले की शिकायत थाने में दर्ज करायी गयी है.

थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, दिलीप कुमार गढतिया की माता पंकजनी गड़तिया के नाम पर ग्राम बिछिया में भूमि स्थित है. उक्त भूमि पर दिलीप और उसके परिवार वाले मकान, बाड़ी बनाकर अपने कृषि हेतु प्रयोग किए जाने वाले ट्रेक्टर एवं कृषि औजारों को रखते हैं तथा उक्त भूमि में पिछले 4 वर्षों से मकान एवं कमरा बनाकर काबिज हैं.

खेमेश प्रधान, तोशेष प्रधान, गोस्वामी प्रधान के परिवार से उक्त भूमि पर कब्जे के संबंध में विभिन्न न्यायालयों में मामला चला है जिसमें उक्त भूमि को अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली एवं तहसीलदार बसना न्यायालय से उक्त भूमि का स्वामी पंकजनी गड़तिया को घोषित कर आज से 4 वर्ष पूर्व उक्त भूमि का कब्जा थाना बसना की सहायता से पंकजनी गड़तिया को दिलाया गया था. उक्त भूमि के संबंध में माननीय कमीश्नर न्यायालय रायपुर में मामला विचाराधीन है.

आज से एक डेढ़ माह पूर्व आरोपीगण उक्त भूमि पर जबरन राजस्व निरीक्षक को लाकर कब्जा करने का प्रयास भी कर रहे थे, जिस पर पूर्व में विवाद हुआ था. आरोपी उसी बात से रंजिश रखे हुए थे.
24 जून से दिलीप के परिवार के सदस्य रिश्तेदार के विवाह कार्यक्रम मे शामिल होने के लिए बाहर गांव गए थे. दिलीप, उसकी पत्नी और भतीजा घर मे थे. 25 जून को दिलीप को गांव का एक व्यक्ति आकर बताया कि उसके बाड़ी एवं घर को आरोपीगण अपनी स्वराज 855 ट्रेक्टर में बैठकर दिलीप के उक्त मकान बाड़ी को तोड़ रहे है.

दिलीप मकान के पास जाकर देखा तो खेमेश प्रधान, तोशेष प्रधान, गोस्वामी प्रधान अपनी ट्रेक्टर से दिलीप के मकान एवं बाड़ी में प्रवेश कर उसको तोड़ रहे थे. दिलीप के द्वारा मना करने पर आरोपियों ने दिलीप को ट्रेक्टर से कुचलने का प्रयास किया. दिलीप वहां से भाग गया और परिवार के अन्य रिश्तेदारों को बुलाने गया. जब तक उसके अन्य रिश्तेदार एवं गांव वाले वहां पहुंचे तो वो तीनो तोड़-फोड़ कर वहां से भाग गए थे. आरोपियों ने दिलीप लोगों के बारे में अश्लील शब्दों की चिट्ठी एवं शासकीय दीवारों में दिलीप और उसके परिवार के बारे में अश्लील गाली-गलौज लिखकर अपमानित किये.

दिलीप ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज करायी. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी खेमेश प्रधान , तोशेष प्रधान , गोस्वामी प्रधान के खिलाफ 294-IPC, 427-IPC, 506-IPC के तहत अपराध कायम किया है.


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें