16 वर्षीय नाबालिग के साथ गैंगरेप, 3 महिला सहित 7 के खिलाफ केस दर्ज
यूपी के बस्ती जिले से 16 वर्षीय नाबालिग युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस ने 3 महिलाओं सहित 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने घर में सेक्स रैकेट चलने की शिकायत पर महिला के घर में छापा मारा तो पीड़िता बदहवाश हालत में मिली। जिसके बाद उसे छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 7 लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री बस से अयोध्या जा रही थी। प्यास लगने पर उसने बगल में बैठे एक व्यक्ति से पानी मांगा। उस व्यक्ति द्वारा दिए गए पानी को पीने के बाद बेटी की तबियत बिगड़ गई। इसके बाद पानी देने वाले व्यक्ति ने बस से बेटी को नीचे उतारा। इस बीच उसे कुछ याद नहीं रहा। कुछ होने पर पता चला कि उसे एक मोहल्ले में एक महिला ज्ञानमती के घर में बंद कर रखा गया है। आरोप है कि ज्ञानमती, खुशबू, काजल के सहयोग से कई दिनों तक उसके साथ आलोक, सागर, अमित, शिवम व कुछ अन्य ने गैंग रेप किया। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी। बार-बार जान से मार देने की धमकी देते हुए चुप रहने का दबाव बनाया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने बताया है कि 4 दिन से उसकी बेटी गायब थी। वह उसे रिश्तेदारी में खोज रहे थे। इसी बीच मोहल्ले के लोगों ने महिला के घर पर अंजान लोगों की आवाजाही देखी तो उन्हें कुछ शक हुआ तो सेक्स रैकेट चलने की शिकायत की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मोहल्ले में महिला के घर पर दबिश दी थी।
इस दौरान महिला और किशोरी काे संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया था। कोई साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने महिला को उसके परिवार वालों को सौंप दिया था। जबकि किशोरी को सीडब्लूसी के समक्ष पेश किया गया था। सीडब्लूसी के निर्देश पर किशोरी का मेडिकल कराया गया, जिसमें उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पूरी तरह होश में आने पर पीड़िता ने अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में बताया। कोतवाल विनय कुमार पाठक ने बताया कि शनिवार को किशोरी के परिवार वालों ने मामले में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बंधक बनाकर गैंगरेप करने, धमकी देने, पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।