तांत्रिक ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, फिर अस्पताल में कर्मचारियों ने किया गैंगरेप
राजस्थान के सलूंबर जिले में 15 वर्षीय लड़की को ठीक करने के बहाने एक तांत्रिक ने उसका बलात्कार किया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अस्पताल के कर्मचारियों ने भी उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। सलूंबर में तांत्रिक लक्ष्मण मोंगिया, जिला अस्पताल परिसर के पार्किंग स्टाफ और कंपाउंडर रोहित और हरीश ने कथित तौर पर लड़की के साथ बलात्कार किया था।
6 जून को पीड़िता के पिता ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, इस दौरान यह बात सामने आई कि वह गर्भवती है। चूंकि वह अविवाहित थी, इसलिए उसका इलाज कर रहे डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। 6 जुलाई को पीड़िता के नाना-नानी ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
मामला दर्ज होने के करीब 20 दिन बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। नाबालिग के पिता ने पुलिस को बताया कि बदनामी के डर से मामले को आगे नहीं बढ़ाया।