आज से 15 तक MP में BJP निकालेगी तिरंगा यात्राएं....पार्टी का... - CG Sandesh

आज से 15 तक MP में BJP निकालेगी तिरंगा यात्राएं....पार्टी कार्यकर्ता हर घर लगाएंगे तिरंगा

प्रदेश भाजपा मेरी माटी-मेरा देश अभियान के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं निकालेगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाएंगे और महापुरुषों की मूर्तियों एवं स्मारकों पर माल्यार्पण करेंगे। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत मौन जुलूस निकाले जाएंगे।

भाजपा तिरंगा यात्रा एवं हर घर तिरंगा जैसे अभियान चलाकर आमजन में देशभक्ति की भावना का वातावरण निर्मित करेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में इसका आह्वान किया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मेरी माटी-मेरा देश अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के लिए प्रदेश टोलियां गठित की हैं।

टोली में पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री राजेश पांडे, जयदीप पटेल, मदन कुशवाह एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के लिए गठित प्रदेश टोली में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. चिंतामणि मालवीय, प्रदेश मंत्री संगीता सोनी, प्रभुदयाल पटेल शामिल हैं।


13 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा

सबनानी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आजादी का ‘अमृत-महोत्सव’ मना रहा है। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में मेरी माटी-मेरा देश अभियान का जनता से आव्हान किया था। अभियान के अंतर्गत युवा मोर्चा 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकालेगा। राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएंगे। कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता की चिंता भाजपा कार्यकर्ता करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान महापुरुषों की मूर्तियों एवं स्मारकों पर माल्यार्पण किए जाएंगे। मंडल स्तर तक होने वाली तिरंगा यात्रा और अभियान में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और आम नागरिक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम होंगे।

इस दिन नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मौन जुलूस सभागार में पहुंचेंगे जहां विभाजन विभीषिका पर केंद्रित प्रदर्शनी अवलोकन के लिए लगाई जाएगी। कार्यक्रम में देश के विभाजन पर केंद्रित वृत्तचित्र दिखाई जाएगी, जिसके बाद प्रमुख नेताओं का उद्बोधन होगा।



author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें