स्वास्थ्य केंद्र में महिला डॉक्टर से दुर्व्यवहार, बेहोश हुई डॉक्टर...
केरल के कोट्टायम जिले के एक गांव में एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में खाना खाने के लिए बाहर निकली एक महिला डॉक्टर के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना 21 अक्टूबर को वेल्लोर में हुई। शाहिम के खिलाफ डॉक्टर श्रीजा राज (37) की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों ने बताया कि आरोपी माकपा का स्थानीय नेता है।
प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी ने 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 2.30 बजे उपचार कक्ष से बाहर निकलते समय डॉक्टर को रोका और उसके साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। वहाँ 150 से अधिक मरीज़ इंतज़ार कर रहे थे, और सुबह से काम कर रही डॉक्टर जल्दी से भोजन करने के लिए बाहर निकली थी। आरोपी सहित मरीजों ने इसका विरोध किया और उसके साथ बहस की, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
इस बीच, केरल सरकार मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (केजीएमओए) ने सरकार से अस्पतालों में कर्मचारियों की कमी दूर करने और डॉक्टर-रोगी अनुपात को दुरुस्त करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया है।