सरकार किसी भी पार्टी की बने, लोगों को मिलेगा सस्ता सिलेंडर - CG Sandesh

सरकार किसी भी पार्टी की बने, लोगों को मिलेगा सस्ता सिलेंडर

रायपुर । छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान तेलंगाना सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। जिसमें छत्तीसगढ़ और राजस्थान में चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गया हैं। चुनाव परिणाम आना अभी बाकी है जिसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है । वहीं शेष बचे अन्य राज्यों में आने वाले कुछ दिनों में चुनाव संपन्न हो जाएंगे। चुनाव हो रहे सभी राज्यों के राजनीतिक पार्टियों ने इस बार अपने घोषणा पत्र में कई तरह की योजनाएं लाने की बात कही है जिसमें सस्ता सिलेंडर देने के वायदे भी शामिल है।

 


पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में रसोई गैस सिलिंडर के दाम पर पार्टियों ने जमकर दांव खेला है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने सिलिंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी देने, भाजपा ने 500 रुपये में हर गरीब परिवार को सिलिंडर देने की घोषणा की है। मध्य प्रदेश में भाजपा ने 450 रुपये में तो कांग्रेस ने 500 रुपये में सिलिंडर देने और राजस्थान में कांग्रेस ने गरीब महिलाओं को 400 रुपये में गैस सिलिंडर देने की घोषणा की है। तेलंगाना और मिजोरम में भी कांग्रेस-भाजपा समेत तीसरे मोर्चे ने कम कीमत पर सिलिंडर देने का वादा किया है। यानी सरकार किसी की भी बने, लोगों को सस्ता सिलिंडर मिलने की पूरी उम्मीद है।
सस्ते सिलिंडर पर सियासत : भूपेश ने उठाए सवाल

इधर, छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी के सस्ते सिलिंडर को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रश्न उठा दिया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री तो पूरे देश का होता है, फिर वह राज्यों की जनता के साथ भेदभाव केसे कर सकता है। खैर, मोदी की गलत नीतियों के कारण देशवासी महंगाई से त्रस्त हैं, यह तो उन्होंने स्वयं स्वीकार कर लिया है। अगर मोदी की गारंटी है तो पूरे देश में 450 रुपये में सिलिंडर दे दीजिए। जनता को केंद्र सरकार के प्रकोप से कुछ राहत मिलेगी। भूपेश के प्रश्न पर भाजपा नेता व रायपुर सांसद सुनील सोनी ने जवाब दिया है। उनका कहना है कि ये मोदी की गारंटी है और छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही गरीब वर्ग के परिवारों को सस्ता सिलिंडर मिलेगा।

जानें सस्ते सिलिंडर के लिए क्या है पार्टियों की घोषणाएं
छत्तीसगढ़ इन्हें मिलेगा सस्ता सिलिंडर: प्रदेश में कांग्रेस ने महिलाओं के खातों में गैस सिलिंडर में 500 रुपये की सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। यानी गैस सिलिंडर की कीमत अगर 1000 रुपये होगी तो उसमें 500 रुपये कांग्रेस सब्सिडी देगी। जबकि भाजपा ने 500 रुपये में हर गरीब परिवार को सस्ता गैस सिलिंडर देने का वादा किया है। यानी भाजपा केवल गरीबों को यह सुविधा देगी।

मध्य प्रदेश में भाजपा ने 450 रुपये और कांग्रेस ने 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने का वादा किया है। यानी यहां भाजपा का सिलिंडर कांग्रेस की तुलना में 50 रुपये सस्ता है। तेलंगाना: बीआरएस 400, कांग्रेस 500 और भाजपा देगी मुफ्त: तेलंगाना विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां भारत ऱाष्ट्रीय समिति (बीआरएस) ने 400 रुपये, कांग्रेस ने 500 रुपये और भाजपा ने उज्ज्वला गैस कनेक्शनधारियों को साल में चार मुफ्त सिलिंडर देने की घोषणा की है।
राजस्थान में कांग्रेस गरीब महिलाओं को गैस सिलिंडर 400 रुपये में देने की बात कह रही है तो भाजपा गरीब महिलाओं को 450 रुपये में सिलिंडर देने की घोषणा की है। मिजोरम में कांग्रेस आगे: मिजोरम में कांग्रेस ने 750 रुपये में सिलिंडर देने वादा किया है, जबकि भाजपा भी सस्ते सिलिंडर देने की बात कही है।



भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें