संघ के स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन, मनाया विजयादशमी का उत्सव
सरायपाली. विजयादशमी उत्सव में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयंसेवकों ने घोष वाद्य के साथ नगर में पथ संचलन किया. संचलन का प्रारंभ श्री गुरु जी ध्यान केंद्र से प्रारंभ हुआ जो मेन रोड, उड़िया पारा, गुरुनानक चौक, जयस्तंभ चौक , ईस्लाम मोहल्ला से होकर संतोषी मंदिर, पुरानी मंडी, फौवारा चौक, बाजार पारा , दुर्गा चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल पुरानी मंडी में सम्पन्न हुआ. संतोषी मंदिर, फौवारा चौक, राम मंदिर के सामने महिलाओं ने संचलन का स्वागत किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ चेंबर आॅफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने की.
मुख्य वक्ता के रूप में जिला सहकार्यवाह नंदकुमार साहू तथा खंड संघचालक सुरेंद्र सिंह उबोबेजा मंचसीन थे. कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने कहा कि देश हित के लिए हमें हमेशा एकजुट होकर कार्य करना चाहिए . भले ही हम किसी भी विचारधारा से जुड़े हों लेकिन हमारे लिए देश हित ही सर्वोपरि है.
मुख्य वक्ता श्री साहू ने विजयादशमी उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए इसका महत्व बताया. उन्होंने कहा कि शक्तिशाली समाज की स्थापना कर भारत को परम वैभव पर ले कर जाना ही संघ का काम है. इसके लिए संघ 93 वर्षों से कार्य कर रहा है. शक्तिशाली होने का मतलब किसी को डराना धमकाना नहीं बल्कि संगठित होकर देश हित में कार्य करना है. उन्होंने कहा अभी तक कितने ही संगठन सब छिन्न भिन्न हो गये, लेकिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज भी निरंतर अपना कार्य कर रहा है. इसका कारण यह है कि संघ व्यक्ति निष्ठ नहीं है अपितु तत्व निष्ठ है. सन् 1925 में डॉ केशव बलिराम हेडगेवार ने शाखा रूपी तंत्र का जो मंत्र दिया हम भी उस शाखा में आकर देखें तभी संघ को समझ सकते हैं. उन्होंने कहा संघ की आलोचना वही लोग करते हैं जिनको इसके बारे में जानकारी नहीं है.
श्री साहू ने स्वयं सेवकों को संघ के प्रार्थना अनुरूप अपना विकास करने हेतु कहा. उन्होंने अजेय शक्ति, बलशाली, श्रेष्ठ चरित्र, वीर व्रत और धेयनिष्ठा इन गुणों को आत्मसात कर समाज को भी निरंतर जोड़ने की अपील की. कार्यक्रम को सफल बनाने में खंड कार्यवाह रमेश प्रधान, नगर कार्यवाह महावीर भोई सहित सभी स्वयं सेवकों का योगदान रहा.