क्या स्टार प्रचारकों की चुनावी सभा जीत पायेगी जनता का दिल ?
बसना विधानसभा चुनाव के
लिए अब केवल छ: दिन ही शेष रह गए है, इसलिए सभी प्रत्याशी
चुनाव प्रचार में दिन-रात एक किए हुए हैं. बसना विधानसभा में तो बीजेपी ने मानों स्टार
प्रचारकों की झड़ी लगा दी है. स्मृति ईरानी के बाद आज भाजपा की स्टार प्रचारक और
सांसद ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी बसना विधानसभा पहुंचीं. लेकिन सवाल तो यह है कि वाकई
में स्टार प्रचारकों की बदौलत पार्टियां जनता का दिल जीतने में कामयाब हो रही हैं
या स्थानीय मुद्दे ही इन चुनावों में असरकारक रहेंगे ?
हेमामालिनी आगमन बसना में
तय समय से 2 घंटा लेट शुरू हुआ. सभा को देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां
के लोगों के बीच उत्साह केवल हेलीकॉप्टर को देखने या हेमामालिनी को देखने में था. उनके
भाषण का असर कहीं भी लोगों पर पड़ता दिखाई नहीं पड़ रहा था.
अपने पांच मिनट के इस भाषण में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की तारीफ की और योजनाओ की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मुझे छत्तीसगढ़ आना काफी अच्छा लगता है मैंने यहाँ के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी कई बार भाग लिया है. इसके साथ ही उन्होंने बसना के प्रत्याशी डीसी पटेल को जिताने के लिए जनता से अपील की.
देखा जाए तो इस बार चुनावी मैदान पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने राष्ट्रीय दलों के
भी पसीने छुड़ा कर रख दिए है. इस बार स्थानीय मुद्दों को लेकर बसना विधानसभा में
निर्दलीय प्रत्याशीयों की धूम मची हुई दिखाई देती है. शायद इसलिए यहाँ बीजेपी को बार-बार
स्टार प्रचारकों को भेजना पड़ रहा है, खबर है कि बसना विधानसभा में और भी स्टार प्रचारक
आगे चुनावी सभा को संबोधित कर सकते है. लेकिन ये प्रचारक मतदाताओं को कितना लुभा
पाएंगे ये तो आने वाला वक्त ही बता पायेगा.
बहरहाल राष्ट्रीय दलों के पास स्टार प्रचारकों की बड़ी फौज मौजूद है लेकिन ज़मीनी समीकरण बता रहे हैं कि कम से कम बसना से चौंकाने वाले नतीजे आ सकते हैं.