छेड़खानी से परेशान BA की छात्रा ने की आत्महत्या - CG Sandesh

छेड़खानी से परेशान BA की छात्रा ने की आत्महत्या

जींद के सफीदों क्षेत्र में एक युवती ने गली में आते-जाते छेड़छाड़, फब्तियों से परेशान होकर फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। सदर थाना सफीदों पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सफीदों क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह गांव में राशन डिपो चलाता है। उसके भाई की लड़की बीए द्वितीय वर्ष में पढ़ती है और पड़ोसी गांव में कॉलेज हैं, वहां पढ़ने के लिए जाती है। रविवार को सुबह 11 बजे के करीब वह कैथल एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए चला गया। घर पर उसकी मां, भाभी और उसके बच्चे थे। घर पर सब ठीक-ठाक छोड़कर वह गया था। शाम के समय उसकी भतीजी ने मां को बताया कि गांव का ही एक युवक उसे पिछले छह महीने से रास्ते में आते-जाते परेशान करता है।

गंदा बोलता है, फब्तियां कसता है। कई बार रास्ता रोककर उसने छेड़छाड़ की। वह उससे काफी तंग आ चुकी है लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। इसके बाद उसकी भतीजी अपने कमरे में चली गई। जब वह आया तो परिवार के लोगों ने सारी घटना के बारे में अवगत करवाया। वह अपनी भतीजी से इस मामले में बात करने के लिए उसके कमरे में गया तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसे खुलवाने की कोशिश की लेकिन अंदर से किसी तरह की आवाज नहीं आई।

उसने खिड़की को तोड़कर अंदर जाकर देखा तो उसकी भतीजी ने पंखे से फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड किया हुआ था। भतीजी को फांसी के फंदे से उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि जो लड़का उसे रास्ते में आते-जाते छेड़छाड़ करता था, उससे परेशान होकर ही उसकी भतीजी ने सुसाइड किया है।


अन्य सम्बंधित खबरें