बसना : पंचायत सचिव निलंबित, पीएम आवास और पेंशन स्वीकृत हेतु ग्रामीणों से पैसे लेने का आरोप
बसना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरिया के सचिव के विरूद्ध प्रधानमंत्री आवास के स्वीकृत हितग्राहियो सें राशि लिये जाने, जल कर एवं मकान कर की राशि अनाधिकृत रूप से ग्रामीणो से वसूल कर गबन करने के संबंध में शिकायत की गई थी. शिकायत जांच के बाद सचिव को निलंबित कर दिया गया है.
जांचकर्ता अधिकारी ने अपने जांच प्रतिवेदन में पंचायत सचिव हेमंत कुमार पटेल द्वारा पेंशन स्वीकृति हेतु ग्रामीणों से स्वयं या किसी माध्यम से राशि लिया जाना तथा जल कर एवं मकान कर की राशि 11800 रुपये ग्राम पंचायत के शासकीय बैंक खाता में जमा नहीं किया जाना प्रतिवेदित किया है.
इस प्रकार सचिव हेमंत कुमार पटेल द्वारा अपने पदीय कर्तव्य का निर्वहन उचित ढंग से नहीं किया गया है. हेमंत कुमार पटेल का उक्त कृत्य अपने पदीय कर्तव्य के प्रति घोर उदासीनता, कदाचरण, स्वेच्छाचारिता तथा गंभीर वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है. जो छ.ग. पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के विपरीत है.
जांच के बाद पंचायत सचिव हेमंत कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन अवधि में हेमंत कुमार पटेल का मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत बसना निर्धारित किया गया है तथा उन्हें निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी.
देवधर चौहान को ग्राम पंचायत उमरिया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया
आगामी आदेश पर्यंत ग्राम पंचायत बनडबरी के सचिव देवधर चौहान को ग्राम पंचायत उमरिया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.