बसना : स्कार्पियो में जबरदस्ती ले जाकर 3 दिन तक बंधक बनाकर क... - CG Sandesh

बसना : स्कार्पियो में जबरदस्ती ले जाकर 3 दिन तक बंधक बनाकर की मारपीट

बसना थाना क्षेत्र के ग्राम भंवरपुर के मजदूर को स्कार्पियो उठाकर ले जाकर घर में बंधक बनाकर मारपीट करने के संबंध में थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है.

इन्द्रानगर भंवरपुर निवासी मजदूर शिवप्रसाद निषाद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है की दिसंबर 2023 में ग्राम अंसुला निवासी उत्तम पटेल व ग्राम संनपुर निवासी गोलू साहू ने शिवप्रसाद को ईट भट्ठा में काम करने के लिए 27 हज़ार रूपये एडवांस दिया था. जिसके बाद 10 दिसंबर को शिवप्रसाद अपनी पत्नि सावन निषाद व छोटे बच्चे के साथ मेघावल थाना सिद्धार्थ नगर उत्तर प्रदेश ईट भट्ठा गये थे, जहां से 02 जनवरी को वापस घर आ गया था. वहां रहते शिवप्रसाद द्वारा चौदह हजार ईट बनाया गया था. शिवप्रसाद उत्तम पटेल व गोलू साहू के माध्यम से ईट भट्ठा गया था इसलिए उत्तम पटेल और गोलू साहू शिवप्रसाद के वापस आने से नाराज हो गये और तुम्हारे कारण हमारा बहुत पैसा नुकसान हो गया कहकर शिवप्रसाद को पैसा वापस मांगने लगे.

स्कार्पियो में ले जाते समय रास्ते में पीटा, फिर 3 दिनों तक बंधक बनाकर की पिटाई
शिवप्रसाद द्वारा कमाकर वापस करने का वादा किया गया था किन्तु वो लोग तत्काल पैसे वापस करने की मांग करने लगे. नहीं देने पर 18 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे अंसुला निवासी उत्तम पटेल,सनपुर निवासी गोलू साहू, छतवन निवासी जलेश्वर साहू, अंसुला निवासी निरंजन निषाद चार पहिया वाहन स्कार्पियो क्रमांक ओ.डी. 23-6355 में आए और शिवप्रसाद को अश्लील गाली गलौज करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए जबरदस्ती शिवप्रसाद को स्कार्पियो में डाल दिये. उन्हें मेहमान आए युधिष्ठिर निषाद, उसकी पत्नि पुष्पा कुमारी तथा शिवप्रसाद के परिजनों ने रोकने का प्रयास किन्तु वो लोग नहीं रूके. उस दौरान गाड़ी में ही हमारा पैसा वापस करो कहकर मारपीट करते रहे और फिर उत्तम पटेल के घर ग्राम अंसुला में लेजाकर बंद कर दिए. 18 जनवरी से लगातार 03 दिन तक आरोपियों ने पैसा वापस करो कहकर मारपीट की.

फोन-पे से 12 हजार भेजने पर भी नहीं छोड़ा
शिकायत में आगे बताया गया है की 20 जनवरी को शिवप्रसाद के परिवार वालों ने आरोपियों को 12 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से वापस भी किया था. फिर भी आरोपियों ने शिवप्रसाद को नहीं छोड़ा और लगातार मारपीट करते रहे.

घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की दी धमकी
22 जनवरी को सुबह 8 बजे आरोपियों ने शिवप्रसाद को छोड़ा. छोड़ने के पहले उत्तम पटेल ने शिवप्रसाद से एक कोरे कागज में हस्ताक्षर करवाकर 60 हजार लिए हो कहकर धमकी भी दी और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मार देने की धमकी दी. आरोपियों के द्वारा लगातार हाथ मुक्का लाठी डण्डा से मारपीट करने के कारण शिवप्रसाद को चोंट आई है.

पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी उत्तम पटेल, गोलू साहू, जलेश्वर साहू और निरंजन निषाद के खिलाफ 294-IPC, 323-IPC, 330-IPC, 34-IPC, 342-IPC, 365-IPC, 506-IPC के तहत अपराध कायम किया है.


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें