झुमका जल महोत्सव 2024 : झुमका और घुनघुट्टा जलाशय को पर्यटन क... - CG Sandesh

झुमका जल महोत्सव 2024 : झुमका और घुनघुट्टा जलाशय को पर्यटन क्षेत्र बनाने की घोषणा, डल झील की तरह 5 शिकारे भी तैयार

कोरिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कोरिया जिले के बैकुंठपुर में आयोजित झुमका जल महोत्सव 2024 में शामिल हुए। सीएम ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर, माल्यार्पण के साथ झुमका जल महोत्सव 2024 का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झुमका जल महोत्सव 2024 के अवसर पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री को झुमका महोत्सव में सेजल अग्रहरि ने उनकी पेंटिंग भेंट की। मुख्यमंत्री ने सेजल को धन्यवाद दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि आप सभी ने प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी पर भरोसा करके हमारी सरकार बनाई है, इसके लिए आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। यहां आते हुए मैंने हेलिकाप्टर से देखा कि आपका जिला बहुत सुंदर है, उतने ही सुंदर यहां के लोग हैं। मैं यहां आया हूँ तो माताओं-बहनों के लिए खुशखबरी भी लाया हूँ, कल हमने कैबिनेट में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत विवाहित माताओं-बहनों को 12000 रुपए प्रतिवर्ष देने का निर्णय ले लिया है।

सीएम ने कहा कि आप सभी के लिए दूसरी खुशखबरी है कि अब तेंदुपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए प्रति मानक की दर से भुगतान किया जाएगा। तीसरी खुशखबरी है कि आज यहां करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास हुआ है, आप सभी को बधाईl मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में हम सब लगातार काम कर रहे हैं।

 


उन्होंने कहा कि हमने सरकार बनने के दूसरे दिन ही 14 दिसंबर की कैबिनेट में 18 लाख से अधिक आवासहीन परिवारों के मकानों को स्वीकृति दी। युवाओं के साथ हुए अन्याय का न्याय हो सके इसलिए हमने पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। किसानों के आग्रह पर हमने धान खरीदी का समय चार दिन अतिरिक्त बढ़ाया है। हमने धान खरीदी के लिए 48 घंटे में भुगतान करने की व्यवस्था की है, हम अंतर की राशि का भुगतान भी जल्द करेंगे। हम सबका सौभाग्य है कि 500 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद 22 जनवरी को रामलला भी आ गए हैं। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की भूमि और भगवान राम का ननिहाल है, इसलिए हमारी खुशी और दोगुनी हो जाती है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा झुमका जल महोत्सव-2024 में की गई घोषणा :-

झुमका जलाशय बैकुंठपुर और घुनघुट्टा जलाशय सोनहत को पर्यटन क्षेत्र बनाने की घोषणा।
छात्र-छात्राओं के हित में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए कोरिया में नालंदा परिसर की घोषणा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आपका झुमका जलाशय इस जिले की शान है मुझे बताया गया कि यह लगभग 500 एकड़ का तालाब है, मैंने पूछा कि यह प्राकृतिक है या मानवनिर्मित तो पता चला कि यह तालाब मानव निर्मित है। यह ऐतिहासिक है। हमारे छत्तीसगढ़ में तालाब खुदाई की एक पुरानी परंपरा रही है और हमारे पुराणों में भी तालाब निर्माण को पुण्य कार्य माना गया है। झुमका जलाशय से हजारों एकड़ में सिंचाई होती है और इससे हजारों लोगों के जीवन का आधार भी जुड़ा हुआ है। मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूँ कि आपकी सारी मांगे पूरी करेंगे।



भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें