एक तरफ़ा प्यार में लड़की और उसके भाई को गोली मार खुद कर ली आत्महत्या
एमपी के इंदौर से एक तरफ़ा प्यार में हत्या की खबर सामने आई है. यहां एक सिरफिरे आशिक ने लड़की और उसके मौसेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद वह कॉलेज पहुंचा और खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. तीनों की मौत से पूरा शहर सहमा हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पूरा मामला इंदौर के भंवर कुआ थाना क्षेत्र के स्वामीनारायण मंदिर का बताया जा रहा है. स्वामीनारायण मंदिर में स्नेहा अपने एक रिश्तेदार भाई दीपक जाट के साथ बैठी हुई थी और इसी दौरान वहां पर अभिषेक यादव नाम का एक युवक आया और फिर तीनों में किसी बात को लेकर तकरीबन आधे घंटे तक बातचीत होती रही. बातचीत बहस में बदल गई. इसी दौरान अभिषेक को किसी बात पर गुस्सा आ गया और उसने अपने पास मौजूद पिस्टल से तकरीबन 2 से तीन फायर दोनों पर कर दिए.
अचानक हुए घटनाक्रम के कारण दीपक और स्नेहा ने बचने का प्रयास किया, लेकिन अभिषेक ने गोली काफी नजदीक से मारी थी जो दीपक और स्नेहा को लगी और वह वहीं पर जमीन पर गिर गए. उनको जमीन पर गिरता देख अभिषेक वहां से काफी तेजी से भागा और तकरीबन 100 से 150 मीटर की दूरी पर मौजूद एक कैंटीन में गया और वहां पर दुकानदार से पीने के लिए पानी मांगा. लोगों की मानें तो वह चिल्ला रहा था कि मैंने गोली मार दी! मैंने गोली मार दी!
उसके बाद उसने खुद ने भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली इसके बाद वहीं पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरे मामले की सूचना भंवरकुआ पुलिस को दी. इससे पहले भंवरकुआ पुलिस मौके पर पहुंचती उसके पहले ही तीनो की स्पॉट पर ही मौत हो गई. प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई की जहां अभिषेक इंजीनियरिंग कॉलेज का स्टूडेंट था तो वहीं स्नेहा जाट महाराजा कॉलेज से इंजीनियरिंग की स्टूडेंट थी. दीपक जाट ओरिएंटल कॉलेज में पढ़ रहा था. दीपक स्नेहा का दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है.