तहसीलदार पर यौन प्रताड़ना का आरोप - CG Sandesh

तहसीलदार पर यौन प्रताड़ना का आरोप

मध्यप्रदेश : सिटी सेंटर तहसील के तहसीलदार पर कलेक्ट्रेट की महिला कर्मचारी के साथ यौन प्रताड़ना का आरोप सामने आया है। शिकायत महिला सामाजिक कार्यकर्ता ने की है जिसमें लिखा है कि तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान की ओर से महिला कर्मचारी को कार्यस्थल पर यौन प्रताड़ना दी जाती है और कई तरीकों से परेशान किया जाता है। महिला कर्मचारी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है जिससे लिखा-पढ़ी का कार्य लिया जाता है। शिकायत में यह भी बताया है कि परेशान होकर महिला कर्मचारी ने खुद का कार्यालय भी बदलवा लिया है ताकि तहसीलदार के साथ कार्य न करना पड़े। इतना ही नहीं बल्कि तहसीलदार को लेकर दूसरी महिला कर्मचारियों ने भी परेशान करने का आरोप लगाया है। तहसीलदार का ड्राइवर है जिस पर लेनदेन के आरोप लगाए गए हैं। कलेक्टर से लेकर अपर कलेक्टर तक शिकायत पहुंचने के बाद अब इसकी जांच स्थानीय परिवाद समिति को सौंपी गई है।


शहर की सबसे पाश तहसील में शामिल तहसील सिटी सेंटर के तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान हैं। इन्हें हाल में जीडीए में भी दायित्व दिया गया था। हाल ही में महिला सामाजिक कार्यकर्ता की ओर से शिकायत की गई जिसमें कलेक्ट्रेट में पदस्थ महिला कर्मचारी को तहसीलदार शत्रुघ्न सिंह चौहान द्वारा प्रताड़ित करने का उल्लेख किया गया है। इसमें बताया गया है कि तहसीलदार महिला कर्मचारी को अपने ही पास बैठाते हैं और अलग-अलग तरीकों से प्रताड़ित करते हैं। महिला कर्मचारी तहसीलदार के रवैये से परेशान है और इसी कारण उसने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने जाकर अपना डयूटी का स्थान बदलवाने की मांग की। अधिकारियों ने इसकी अनुमति दी और कार्यालय बदल दिया गया। कार्यालय बदलवाने का घटनाक्रम आचार संहिता से पहले का है। इसके साथ ही कई महिला कर्मचारियों को तहसीलदार द्वारा परेशान किया जाता है। शिकायत में जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।


अन्य सम्बंधित खबरें