कांग्रेस के भय और भ्रष्टाचार का बदला लोकसभा चुनाव में भी लेग... - CG Sandesh

कांग्रेस के भय और भ्रष्टाचार का बदला लोकसभा चुनाव में भी लेगी छत्तीसगढ़ की जनता : किरण सिंह देव

 अंबिकापुर/ सरगुजा :  भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव अपने दो दिवसीय प्रवास पर सरगुजा पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में लखनपुर मंडल, उदयपुर मंडल, अंबिकापुर ग्रामीण तथा अंबिकापुर नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका स्वागत व अभिनंदन किया।

इस अवसर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को स्वागत के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि आप सबके परिश्रम से पहले और दूसरे चरण की सभी चार सीट भाजपा जीत रही है। इस चुनाव में लोगों के उत्साह को देखते हुए अबकी पार चार सौ पार के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की शत-प्रतिशत भूमिका रहेगी। भाजपा प्रदेश की सभी 11 सीट जीतेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ता इस प्रचंड गर्मी में भी जन-जन के बीच जा रहे हैं, क्योंकि वह जनकल्याण के मंत्र पर कार्य करते हैं। कांग्रेसी अपनी जेब भरने के लक्ष्य पर काम करते हैं, इसलिए गरमी में वह घरों से निकलने को तैयार नहीं हैं।


किरण देव ने कहा कि कांग्रेस हार के कारणों का अभी से मंथन करने लगी है। भय, भ्रष्टाचार और भ्रम की राजनीति करने वाली मुख्य विपक्षी पार्टी हार के बाद के बहाने तलाश रही है।

किरण सिंह देव ने लोकसभा चुनाव को लेकर सरगुजा जिला भाजपा कार्यालय में कोर ग्रुप के साथ बैठक की। इसमें भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्येक सीट पर रिकॉर्ड जीत का अंतर स्थापित करने जा रही है। भाजपा के कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हम छत्तीसगढ़ में प्रत्येक सीट पर कमल खिलाकर मोदी जी को मजबूत करेंगे।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें