देर सुबह तक छाया रहा घना कोहरा, आवागमन में हो रही परेशानी
उत्तरी छत्तीसगढ़ की ऊपरी हवाओं
में चक्रवात बनने की वजह से कोहरा छाया रहा. कोहरे की वजह से सुबह लगभग 10 बजे तक धुंध रही. सुबह-सुबह
स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह-सुबह
वाहन चालक लाइट जलाकर वाहन चलाते हुए नजर आए.
घने कोहरे के कारण पिथौरा के पास
दो ट्रको की टक्कर हो गई. वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा
है.
कोहरे की वजह से सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्ग भी सडक़ों पर नजर नहीं आए. स्कूल विद्यार्थी कोहरे को देखकर उत्साहित भी रहे, लेकिन कांपते हुए स्कूल पहुंचे. मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चक्रवात का असर 16 दिसंबर तक रहेगा. कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है और कहीं बदली भी छाई रह सकती है. तापमान में गिरावट आने से ठंड और बढ़ेगी. वहीं कोहरा होने से रबी फसल लेने वाले किसानों को राहत मिली है. कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक गेहूं की फसल के लिए यह लाभदायक है.
मौसम परिवर्तन से स्वास्थ्य पर
असर
मौसम का मिजाज बदलने से
स्वास्थ्य पर भी इसका विपरीत असर पड़ रहा है. सर्दी, खांसी के मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि इन दिनों सर्दी, खांसी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं.