बसना : खेत में लगे सोलर पंप, कंट्रोलर एवं केबल वायर चोरी
बसना थाना क्षेत्र के मेदनीपुर से नवागांव मार्ग बरजोर नाला के पास ग्राम केहरपुर के खेत में लगे सोलर पंप, कंट्रोलर एवं केबल वायर चोरी हो गई. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
ग्राम मेदनीपुर निवासी कौशल भोई ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि मेदनीपुर से नवागांव मार्ग बरजोर नाला के पास के खेत ग्राम केहरपुर में सौर सुजला योजना के तहत सोलर पंप, कंटोलर एवं केबल वायर लगाया गया था. जिसका कृषि कार्य में उपयोग किया जा रहा था.
16 अगस्त 2024 को कौशल रात करीबन 10 बजे मेदनीपुर से नवागांव मार्ग बरजोर नाला के पास स्थित खेत को देखने गया था तो देखा कि खेत में सोलर पंप लगा था. उसके बाद अगले 17 अगस्त 2024 को सुबह 06 बजे पुन: अपने खेत देखने गया तो देखा कि उसके खेत में लगा 3 HP सोलर पंप कीमती 30,000 रूपये, कंट्रोलर कीमती 20,000 रूपये एवं केबल वायर 200 फिट कीमती 7000 रूपये कुल जुमला 57000 रूपये नहीं था. दरम्यानी रात किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर ली है.
आसपास पतासाजी के बाद भी नहीं मिलने पर थाने में शिकायत दर्ज करायी गई. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 303(2)-BNS के तहत अपराध कायम किया गया है.