शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय में हुई जनभागीदारी स... - CG Sandesh

शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय में हुई जनभागीदारी समिति की बैठक, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा हुए शामिल

महाविद्यालय के विभिन्न विषयों को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

 शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को जनभागीदारी समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा अध्यक्ष जनभागीदारी समिति एवं सदस्य गण शामिल हुए। बैठक में महाविद्यालय के विभिन्न विषयों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।

बैठक में शामिल होने पहुंचे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं समिति के समस्त सदस्यों का गुलाब का फूल भेंट कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात् प्रभारी प्राचार्य करूणा दुबे द्वारा स्वागत भाषण देते हुए महाविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों को बताया गया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची में अर्थशास्त्र एवं वनस्पतिशास्त्र विभाग के छात्रों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। साथ ही विभिन्न अवार्ड, गणतंत्र दिवस, थल सेना कैम्प में चयन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत् जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालय को प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी दी गई तथा विभिन्न महाविद्यालयीन समस्याओं के संबंध में बात रखी।

 जनभागीदारी प्रभारी डॉ. दुर्गावती भारतीय सहायक प्राध्यापक हिन्दी द्वारा जनभागीदारी समिति का आय-व्यय, महाविद्यालय की आवश्यकताओं, समस्याओं व अपेक्षाओं पर आधारित प्रतिवेदन पठन किया गया। तत्पश्चात् विधायक एवं अध्यक्ष जनभागीदारी समिति योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा एजेंडा अनुसार ग्रंथालय भवन के ऊपर निर्मित अतिरिक्त कक्ष हेतु 13 लाख रुपए का अनुमोदन किया गया। नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष हेतु ग्रीन बोर्ड व ऑफिस टेबल हेतु एक लाख तीस हजार रुपए, कक्ष क्रमांक 01 में नवीन प्रोजेक्टर एवं साउण्ड सिस्टम के रिपेयर हेतु एक लाख रुपए, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत नई पुस्तकों हेतु ग्रंथालय के लिए एक लाख पन्द्रह हजार रूपए। विज्ञान संकाय, कला संकाय के प्रायोगिक कार्य हेतु दो लाख रुपए की राशि हेतु सहमति प्रदान की गई। जनभागीदारी मद से कार्यरत् सभी कर्मचारियों के मानदेय में 500 रूपए की वृद्धि इसी महीने से की गई एवं दीपावली में बोनस देने की घोषणा की गई। पानी की समस्या एवं पाईप लाईन हेतु उन्होंने तत्काल पी.एच.ई. विभाग के कार्यपालन अभियंता से संपर्क कर महाविद्यालय में दो बोर खनन एवं पाईप लाईन, पानी टंकी संबंधी समस्या समाधान हेतु निर्देशित किया।
इसके अलावा उन्होंने जनभागीदारी बैठक सत्र में चार बार आयोजित करने, दो या तीन लाख से अधिक राशि की आवश्यकता वाले कार्य पर शासन से मांग पत्र एवं वर्तमान में छात्र संख्या के अनुपात में आवश्यक पद सेटअप हेतु पत्र शासन को भेजे जाने की सहमति दी।

तत्पश्चात् विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कहीं। जिसके अंतर्गत साहित्यिक, सांस्कृतिक जागरूकता हेतु विवेकानंद साहित्य की पुस्तकों का वितरण एवं भगवत् गीता का वितरण एवं राष्ट्रीय स्तर पर सेमीनार का आयोजन, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं हेतु महाविद्यालय का नाम लिखा हुआ पेन परीक्षा पूर्व वितरित करने हेतु बात कही तथा जनभागीदारी समिति के समस्त सदस्यों एवं संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग करने की बात कही गई।

यह रहे उपस्थित

बैठक में संदीप दीवान, अमृत चोपडा, संदीप घोष, पवन पटेल, देवीचंद राठी, रमेश साहू, महेश मक्कड, कमलेश ध्रुव, विनोद रात्रे, धर्मेन्द्र डड़सेना, डॉ. शेषनारायण गुप्ता, आनंद गिरी, मनीष बंसल, लालविजय सिंहदेव, वाणी तिवारी, गुलाब सेन सहित महाविद्यालय के सदस्य डॉ. नीलम अग्रवाल, डॉ. ई.पी. चेलक, मुकेश साहू, कुंदन देवांगन उपस्थित रहें। उपरोक्त कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार राजा, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य के द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन डॉ. नीलम अग्रवाल, सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र द्वारा किया गया।


अन्य सम्बंधित खबरें