
महासमुंद : वयोमित्र व टायर 4 संधारण पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन
छत्तीसगढ़ शासन के जनोपयोगी योजनाओं के सक्रिय व सफल संचालन को सुगम बनाने के उद्देश्य से संचालनालय आयुष (छ.ग.) के निर्देशानुसार व जिला आयुष अधिकारी जिला महासमुन्द डॉ प्रवीण चन्द्राकर के मार्गदर्शन में 28 फरवरी को महासमुन्द मुख्यालय स्थित हॉटल में डी.पी.डी.एम.आई.एस. टायर 4 व वयोमित्र राष्ट्रीय कार्यक्रम पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ भगवान धन्वन्तरी की तैल्य चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
प्रशिक्षण में आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारी व फार्मासिस्ट सम्मिलित हुए। ’वयोमित्र’ राष्ट्रीय कार्यक्रम 60 वर्ष व 60 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकां के स्वास्थ्य पर विशेष रूप से केंद्रित है। डॉ सर्वेश दुबे आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी द्वारा वयोमित्र पर प्रशिक्षण दिया गया तथा डी.पी.डी.एम.आई.एस. टायर 4 पर डॉ सर्वेश दूबे आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी व श्रीमती श्वेता कोचर सहायक ग्रेड -3 द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिला आयुष अधिकारी जिला महासमुन्द डॉ प्रवीण चन्द्राकर ने बताया कि विभाग में प्रत्येक गुरुवार को सियान जतन क्लिनिक का आयोजन होता है। वयोमित्र उसका और व्यापक रूप है। वयोमित्र में एक ऐप के माध्यम से रोगियों का रिकॉर्ड आदि वैज्ञानिक व व्यवस्थित ढ़ग से रखा जाएगा। इस ऐप का सफल संचालन के लिए प्रशिक्षण प्रदाय किया गया। वयोमित्र, आधुनिक चिकित्सा शास्त्र के जेरियाट्रिक में किए जाने वाले प्रयासों के साथ साथ वृद्धजनों को आहार विहार आदि के माध्यम से कैसे स्वस्थ व दीर्घायु रखा जाए. इस दिशा में भी एक सक्रिय प्रयास करता है।
वयोमित्र एप में मिनी मेंटल स्टेटस एग्जामिनेशन के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल वैज्ञानिक ढंग से की जा सकेगी। डी.पी.डी.एम.आई.एस. टायर 4 के माध्यम से ओ.पी.डी. स्तर पर औषधियों के वितरण का ऑनलाइन रिकार्ड संधारित किया जाएगा। फलस्वरूप औषधि मांग पत्र व सप्लाई अधिक तार्किक व सुनियोजित होगा। आयुष विभाग लगातार ऐसे प्रशिक्षणों के माध्यम से विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को और अधिक से अधिक दक्ष बना रहा है।