news-details

महासमुंद: पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता माह का आयोजन.

महासमुंद: भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 जनवरी से 13 मार्च 2025 तक पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता माह मनाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अच्छे पशुपालन प्रथाओं एवं पशु कल्याण के महत्व को लेकर आमजन में जागरूकता फैलाना है।

उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ने बताया कि, इसके तहत जिले के सभी विकासखण्डों में पशु मेला, पशु चिकित्सा शिविर, कृषक संगोष्ठी, टीकाकरण कैम्प, बधियाकरण कैम्प, के.सी.सी. कैम्प सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। स्कूल और कॉलेजों में भी प्रचार-प्रसार कर युवाओं को पशुपालन से जोड़ने की पहल की जा रही है।

बीते रविवार को पशुपालन एवं पशु कल्याण जागरूकता माह के तहत ग्राम सिर्रीपठारीमुड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. लिलेश्वर चौधरी, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, पशु चिकित्सालय बागबाहरा के दल ने पशुपालन, जूनोटिक बीमारियों से बचाव एवं आर्थिक उत्थान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर शासकीय खेल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय बागबाहरा के ’डा. खिलावन पटेल कार्यक्रम अधिकारी, सहित अन्य शिक्षकगण एवं 52 विद्यार्थी’ उपस्थित थे। कार्यक्रम से पूर्व ग्राम में टीकाकरण कैम्प आयोजित किया गया, जिसमें 161 गौवंश एवं भैंस वंशी पशुओं को खुरहा-चपका रोग से बचाव हेतु टीकाकरण किया गया।

जिले के सभी विकासखण्डों में पशु चिकित्सा शिविर एवं टीकाकरण अभियान लगातार जारी है। पशुपालकों को उन्नत पशुपालन तकनीकों, पशु चिकित्सा सेवाओं और पशु कल्याण उपायों की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।





अन्य सम्बंधित खबरें