news-details

महासमुंद : सांसद रूपकुमारी ने पीएम-आवास हेतु किया हितग्राहियों का सर्वे

विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया पात्र हितग्राहियों का सर्वे

योजना का लाभ दिलाने पहुंच रहे है घर घर तक
                                                                        प्रधानमंत्री आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण 30 तक                                                                                   

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत चल रहे आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण पखवाड़ा के तहत जिले में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न ग्रामों में घर घर जाकर सर्वेक्षण किया जा रहा है। जिले के सांसद,विधायक सहित जनप्रतिनिधि संयोजन का लाभ दिलाने घरों तक पहुंचकर सर्वे कर रहे हैं,ताकि पात्र हितग्राही वंचित न हो।

इसी क्रम में गुरुवार को महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने ग्राम पंचायत बरतियाभाटा के आश्रित ग्राम बनडबरी का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर हितग्राहियों से बातचीत की और उन्हें आवास निर्माण से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन दिया। साथ ही, योजना के तहत मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पात्र परिवारों को इस योजना में अवश्य शामिल करें ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके।

इसी प्रकार बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने जनपद पंचायत बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत कुडेकेल के आश्रित ग्राम जमड़ी में किए जा रहे सर्वेक्षण की जानकारी ली।उन्होंने हितग्राहियों से सीधे बात कर उनके मकानों की स्थिति का अवलोकन किया ।उन्होंने कहा कि सरकार की यह प्राथमिकता है कि कोई भी परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। साथ ही सर्वेक्षण के माध्यम से चिन्हित सभी पात्र परिवारों को योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ सर्वेक्षण कार्य संपन्न करें ताकि योजना का उद्देश्य पूर्ण रूप से सफल हो सके।

साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन पटेल ने आज शुक्रवार को ग्राम पंचायत कलेण्डा (सि.) में पहुंचकर पात्र हितग्राहियों का सर्वे कराया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस. आलोक , पंचायत प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



अन्य सम्बंधित खबरें