
महासमुंद में बीटीआई रोड चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का होगा शुभारंभ
शहर की बहुप्रतीक्षित मांग बीटीआई रोड चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा स्थानीय बरोंडा चौक से विधिवत कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
बता दें कि शहर के बीटीआई रोड गौरव पथ चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण की मांग काफी समय से की जा रही थी। जिस पर शासन ने कार्य के लिए मंजूरी दे दी। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हो चुका है। कार्य के लिए सर्वे कार्य भी हो चुका है। आज विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा द्वारा सुबह साढ़े 10 बजे श्रीफल तोड़कर कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। विधायक सिन्हा ने कहा है कि वर्षों से इस रोड के सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी, जो अब पूरा होने जा रहा है। लगभग 18 करोड़ की लागत से 3 किलोमीटर लंबाई तक कार्य संपन्न होगा। इसमें बीच में डिवाइडर बनाकर रोड को चौड़ा किया जाएगा। इससे आवागमन में काफी सुविधा होगी। इस रोड से न केवल शहर के लोग अपितु ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी आवागमन करते हैं। यह शहर के मुख्य मार्गों में से एक है। आगे कहा कि विष्णुदेव साय के सुशासन में विकास की गति और बढ़ेगी।
शहर मंडल अध्यक्ष ने की अपील
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका ने भाजपा के वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्तागण, क्षेत्र के शुभचिंतकगण एवं गणमान्य नागरिकों से बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए बरोंडा चौक में एकत्रित होने की अपील की है।
अन्य सम्बंधित खबरें
अन्य खबरें