
मोदी सरकार सबको पक्के घर देने के संकल्प पर कर रही काम : योगेश्वर राजू सिन्हा
महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा है कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबको पक्के घर देने के संकल्प पर काम कर रही है। छत्तीसगढ़ में लोग प्रधानमंत्री आवास में रह रहे हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंबिकापुर में प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों का पांव पखारकर उन्हें प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार ने गरीब हितग्राहियों के आवास को 5 वर्षों तक रोक के रखा जिसके कारण कई लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत की गई आवास नहीं बन पाया जिसके चलते कांग्रेस सरकार की पंचायती राज मंत्री ने अपने विभाग से इस्तीफा दे दिया।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में अब तक 28 लाख आवासों का सर्वे हो चुका है और छूटे हुए लाभार्थियों को भी घर मिलेंगे। अब मासिक आय की सीमा 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार कर दी गई है और दोपहिया या कुछ जमीन होने पर भी पात्रता रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 18 लाख परिवारों से घर का हक छीना था, उन्हें अब अधिकार वापस मिला है। कांग्रेस के सरकार में 5 साल तक गरीबों का अधिकार छीना गया, उनके सिर से छत का अधिकार छीना गया। लाखों गरीब पांच साल पीएम आवास से वंचित हो गए वो भी सिर्फ इसलिए क्यों कि उस समय के मुख्यमंत्री इस योजना को राज्य में आगे बढ़ाना ही नहीं चाह रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में आवास के लिए राशि भेजते थे लेकिन उन्होंने मकान नहीं बनाए। लाखों परिवारों के साथ अन्याय किया गया। इसलिए जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब विष्णुदेव साय के सुशासन में फिर से गरीबों को आवास योजना का लाभ मिल रहा है।
प्रधानमंत्री ने किया था वादा, हो रहा पूरा
विद्यायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में वादा किया था कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी तो 18 लाख पीएम आवास स्वीकृत करना हमारा पहला काम होगा। इसी दिशा में सरकार भी काम कर रही है। सर्वे के माध्यम से योजना से वंचित पात्र हितग्राहियों को अब मकान मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी प्रदेश में पूरी हो रही है। डबल इंजन की सरकार से जनता खुशहाल है। उन्होंने ने कहा कि राज्य एवं केंद्र दोनों में भाजपा की सरकार होने के कारण डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार में केंद्र की योजनाओं का लाभ राज्य के लोगों तक पहुंचने में काफी समस्या हो रही थी। अब डबल इंजन की सरकार के चलते प्रदेश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक एक एक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद कई लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। इन दिनों प्रदेश में सुशासन तिहार चल रहा है। 5 मई से तीसरे चरण में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं।