news-details

Air India Plane Crash : हादसे में 241 यात्रियों की मौत, एक यात्री के बचे होने की खबर, शवों की पहचान करना मुश्किल

डेस्क। Air India Plane Crash : गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त (क्रैश) हो गया है। विमान में 242 लोग सवार थे।  बताया जा रहा है कि इसमें एक यात्री बचा है, जिसका इलाज जारी है. बचे हुए यात्री का नाम रमेश विशवास बताया जा रहा है.

टेक ऑफ करते ही विमान गिर गया और चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया। विमान अहमदाबाद के मेघानी नगर में प्लेन क्रैश हुआ है। हादसे में सिविल अस्पताल की बिल्डिंग अतुल्यम को भी नुकसान हुआ है। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश की खबर ने देश और दुनिया को झकझोर दिया है। यह विमान लंदन के लिए रवाना हुआ था। एयर इंडिया ने इस दुर्घटना को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि विमान में कुल 242 यात्री और बाकी 12 क्रू मेंबर्स सवार थे। हादसे में प्लेन में सवार 241 यात्रियों की मौत होने की खबर है। गुजरात पुलिस कमिश्नर के हवाले से यह जानकारी दी। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। 

हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान DNA टेस्ट के बाद ही संभव होगी। सभी मृतकों के परिजनों से DNA सैंपल मांगे गए है।

प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के समय इमारत में 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे, इनमें 15 से ज्यादा घायल हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।

बता दें कि एयर इंडिया के मुताबिक, AI171 फ्लाइट दोपहर 13.38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी। यह फ्लाइट एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी, जो उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक मौजूद थे।

दुर्घटना के बाद रेस्क्यू टीमों ने तेजी से मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एयर इंडिया की ओर से जारी सूचना के अनुसार, घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल दुर्घटना की वजहों की जांच की जा रही है। DGCA और अन्य संबंधित एजेंसियों को घटना की सूचना दे दी गई है। एयर इंडिया ने यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि वे अपने परिजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकें।

यह हादसा भारत के विमानन इतिहास में एक और चिंताजनक घटना के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें यात्रियों की जान को बड़ा खतरा पैदा हुआ है। फिलहाल एयर इंडिया और प्रशासन की टीमें मौके पर हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें