
CG: कृषकों के हित में बड़ा निर्णय, धान के स्थान पर दलहन -तिलहन, मक्का लगाने वाले किसानों को भी मिलेगा आदान सहायता का लाभ
कलेक्ट चन्दन त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इनमें श्कृषक उन्नति योजनाश् से जुड़ा एक बड़ा संशोधन किया गया है, जिससे किसानों को व्यापक स्तर पर लाभ मिलेगा।
कलेक्टर त्रिपाठी ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के प्रचलित निर्देशों में संशोधन करते हुए इसका दायरा अब और अधिक विस्तृत किया गया है। अब खरीफ 2025 में धान के स्थान पर यदि कोई किसान दलहन, तिलहन या मक्का की फसल लगाता है, तो उसे भी योजना के तहत आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि खरीफ 2024 में पंजीकृत वे किसान, जिन्होंने धान की फसल लगाई थी और समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया था, यदि वे आगामी खरीफ 2025 में धान की जगह दलहन, तिलहन या मक्का की खेती करते हैं, तो उन्हें भी इस योजना के तहत सहायता प्राप्त होगी।
कलेक्टर की किसानों से अपील
कलेक्टर त्रिपाठी ने जिले के किसानों से आग्रह किया है कि वे धान के रकबे को कम करते हुए चना, मूंग, मसूर, उड़द, अरहर, सोयाबीन, मूंगफली, तिल, सरसों, सूरजमुखी जैसी दलहन-तिलहन की फसलें अपनाएं। इससे किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होगा, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और जिले में फसल विविधीकरण को बल मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा बीते कई महीनों से किसानों को दलहन एवं तिलहन उत्पादन की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में कोरिया जिला, दलहन-तिलहन उत्पादन में प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके।